रामगढ़ रोड पर एक कार चालक ने वाटिका के गेट के सामने खड़े दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया, जहां से एक को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां पर उपचार के दौरान जांटी निवासी बलवंत की मौत हो गई। दूसरे युवक तुर्कियावास निवासी मोहित का पीजीआई में उपचार रहा है। सदर थाना पुलिस ने जांटी निवासी महेश की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
महेश कुमार ने बताया कि 18 नवंबर की रात में रामगढ़ रोड स्थित वाटिका में गांव के युवक हनी का लगन कार्यक्रम था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रामगढ़ निवासी वाटिका मालिक विनोद कुमार व बलवंत गेट के पास खड़े थे । उनके पास ही जांटी निवासी महेंद्र सिंह भी खड़ा था। इसी दौरान बुड़ाना से जाटी जा रहे कार चालक ने गेट के सामने खड़े बलवंत को सीधे टक्कर मार दी, जिससे वह उछलकर 25 फीट दूर सड़क पर जा गिरा। इसके बाद कार चालक ने कुछ दूरी पर खड़े तुर्कियावास निवासी युवक मोहित को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से मोहित सड़क किनारे खड़ी टाटा -407 व कार के बीच में फंस गया। शोर मचाने पर लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को ट्रॉमा सेंटर लेकर गए। जहां से घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। परिजन बलवंत को गुरुग्राम और मोहित को रोहतक पीजीआई लेकर गए। गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान बलवंत की मौत हो गई। हादसे के बाद भीड़ का फायदा उठाकर कार चालक बुड़ाना निवासी विक्की मौके पर फरार हो गया।