सोहना रोड स्थित महात्मा ज्योतिबा फूले पार्क में देश की पहली महिला शिक्षिका सावत्री बाई फूले की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण कुरुक्षेत्र सांसद नायब सैनी ने किया। इस मौके पर सांसद ने कहा कि वह सावित्री देवी व ज्योतिबा फूले को भारत रत्न देने की मांग देश के प्रधानमंत्री और संसद के सामने रखेंगे। उन्होंने का कि ये दोनों ही त्याग की मूर्ति हैं। समाज के सभी वर्गों को दोनों से प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने के लिए जरूरी है कि समाज एकजुट हो, इसके लिए हांसी में सूरसैनी जयंती पर फरवरी माह में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन ऑल इंडिया सैनी संगठन द्वारा किया गया।
सांसद ने कहा कि सावित्री बाई फूले ने महिलाओं को घूंघट से भी आजादी दिलाने का काम किया। ज्योतिबा फूले ने केवल एक समाज के लिए नहीं, अपितु सर्वसमाज के लिए काम करते हुए देश को एक नई दिशा दिखाने का काम किया। छुआछूत के दौर में जब बेटियों को घर से बाहर भी नहीं निकाला जाता था, तब उन्होंने सभी समाज की बेटियों को शिक्षा देने का काम किया था। आज उन्हीं के दिखाए रास्ते पर चलते हुए समाज को एक नई दिशा मिली है। समाज के लोगों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि आज हमें संघर्ष, शिक्षा, एकता के साथ मजबूती से आगे बढ़ने की जरूरत है। धारूहेड़ा में सैनी समाज की तरफ से पार्क के साथ ही लगते हुए प्राइमरी स्कूल का नाम भी सावित्री बाई फूले के नाम करने की मांग की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता आल इंडिया सैनी सेवा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलबाग सैनी ने की।