शहर थाना के अंतर्गत भाड़ावास गेट चौकी पुलिस ने ऑटो में महिला के पर्स से जेवरात, नकदी तथा मोबाइल चोरी करने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गई महिला आरोपी की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के खोड़ गांव निवासी ज्योति के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात, नकदी व मोबाइल बरामद कर लिए हैं।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण ने बताया कि भावनी निवासी कुतुबपुर ने शिकायत दी थी कि 22 जून को दोपहर एक बजे वह और उसकी सास दोनों रामपुरा चौक से ऑटो में बैठकर नया बाजार में सामान खरीदने के लिए आई थी। उसके हाथ में एक थैली के अंदर पानी की बोतल तथा पर्स था। जब ऑटो नाईवाली चौक पर पहुंचा तो एक महिला उनके पास में बैठ गई। इसके बाद भावनी अपनी सास के साथ नया बाजार में एक दुकान पर सामान लेने के लिए रूक गई। सामान खरीदने के बाद रुपये देने के लिए उन्होंने अपनी थैली को चैक किया तो उनकी थैली नीचे से फटी हुई थी और पर्स गायब था। पुलिस ने भावनी की शिकायत पर मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू की थी। मंगलवार को पुलिस ने मामले में एक महिला आरोपी महेंद्रगढ़ जिले के खोड गांव निवासी ज्योति को गिरफ्तार करके अदालत से एक दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने महिला आरोपी के कब्जे से चोरी किया सामान बरामद कर लिया है। आरोपी महिला को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया।