बुधवार को जिला में 57 नए कोविड मरीज मिले हैं, जबकि 40 लोग कोरोना को मात देकर घर लौटे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 29055 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 2354 कोविड-पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 1987 नागरिक कोविड संक्रमण से ठीक हुए हैं और अब तक 14 मरीजों की मौत हुई है। अब जिले में कोविड पॉजिटिव के 353 एक्टिव केस रह गए हैं तथा 26331 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है तथा 370 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है। जिलेभर में 35 नागरिक क्वारंटीन किए गए हैं, जो विदेश व देश के अन्य हिस्सों से यात्रा करके आए हैं। 32 मरीज विभिन्न अस्पतालों में व 39 जिला कोविड केयर सेंटर में एडमिट हैं, जबकि 282 कोविड मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं। सीएमओ की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार बुधवार को जिले से संबंधित 57 नए कोविड पॉजिटिव केस आए हैं, जिनमें से 32 रेवाड़ी शहर, 6 बावल, 4 कोसली, 3-3 धारूहेड़ा व बालधन कलां, 2-2 शहबाजपुर खालसा व गुगोढ़ तथा एक-एक जलियावास, बलवाड़ी, मंदोला, आसलवास व लिसान से संबंधित हैं। बुधवार को जिले से संबंधित 40 कॉविड पॉजिटिव नागरिक ठीक हुए हैं, जिनमें से 25 रेवाड़ी शहर, 12 धारूहेड़ा तथा एक - एक बावल, बेरली कलां व बिठवाना से संबंधित हैं। जिलाधीश यशेंद्र सिंह ने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए सरकार व जिला प्रशासन द्वारा जारी की जा रही हिदायतों की पालना सुनिश्चित करें।