Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Panipat News ›   Yamuna's bank not closed, drain number two broken

Panipat News: यमुना का तट बंद नहीं, ड्रेन संख्या दो टूटी

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 13 Jul 2023 02:08 AM IST
विज्ञापन
Yamuna's bank not closed, drain number two broken
पानीपत/सनौली/बापौली। यमुना में पानी का उफान कम नहीं हो रहा है। इससे तामशाबाद के बाद भल्लौर गढ़ी और समालखा के सिंबलगढ़ गांव तक यमुना के साथ बसे गांवों में खतरा बढ़ गया है। तेज पानी आने से तामशाबाद के समीप टूटा बंद दोगुना से अधिक खुल गया है। भल्लौर गढ़ी के पास ड्रेन नंबर-दो टूटने और हथवाला व राक्सेड़ा के बीच तटबंद न होने से सिंबलगढ़ गांव के मंदिर तक पानी पहुंच गया है। मिर्जापुर के पास यमुना में रिसाव होने पर ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद शुरुआती दौर में ही उसे बंद कर बड़ी मुसीबत से बचा लिया। प्रशासन और स्थानीय लोग पूरे दिन बाढ़ से बचाव में लगे रहे। सेना के 50 जवानों और एनडीआरएफ के 20 जवानों का दल जिले में पहुंच गया है। यमुना अभी खतरे के निशान 231.50 मीटर से ऊपर बह रही है। हालांकि पीछे यमुना का पानी करीब आधा फुट नीचे आया है। प्रशासन ने यमुना के साथ धारा 144 लगा दी है।
विज्ञापन

मंगलवार को तामशाबाद के समीप यमुना का तटबंध टूट गया था। करीब 200 मीटर में यमुना टूटने से पानी नवादा आर-पार, धनसौली, कुराड़ व बबैल से निकलकर सनौली कलां गांव तक पहुंच गया। पानीपत-हरिद्वार स्टेट हाईवे तक पानी पहुंच गया। प्रशासन ने पानी के तेज बहाव को देखते हुए सनौली गोशाला के नजदीक पुलिया को खोलना पड़ा। इसके बाद पानी बापौली की तरफ तेजी से चल रहा है। दूसरी तरफ से ड्रेन नंबर-दो गढ़ी भल्लौर के समीप टूट गई। यहां से ड्रेन करीब 20 फुट में टूटी है। इससे गढ़ी, भल्लौर और बापौली तक पानी पहुंच गया। बुधवार देर शाम को समालखा के हथवाला व राक्सेड़ा गांव के बीच तटबंध न होने से यमुना का पानी खेतों में घुस गया। यह सिंबलगढ़ गांव तक पहुंच गया है। पानी के लगातार चलने से बृहस्पतिवार को पानी हथवाला व कारकोली गांव तक पहुंच जाएगा।
विज्ञापन


यमुना का पानी आने के बाद नवादा पार, जलालपुर द्वितीय, पत्थरगढ़, राणा माजरा, गढ़ी बेसक व तामशाबाद गांव का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। सनौली खुर्द से तामशाबाद की सड़कों पर 3-4 फीट तक पानी भरा हुआ है। तामशाबाद में चारों तरफ पानी जमा है। जिले में करीब 30 हजार एकड़ फसल पानी में डूब गई है। बुधवार को पानी का स्तर भी बढ़ गया। ऐसे में किसानों की फसल बचने की उम्मीद खत्म हो गई है। यमुना का पानी बुधवार को झांबा की बस्ती, मंदिर और गांव के प्राइमरी स्कूल में घुस गया। सनौली खुर्द के तालाब में भरने के बाद पानी अब गांव की फिरनी तक पहुंच चुका है। सनौली खुर्द के जयभारत स्कूल और सरस्वती स्कूल में कई फीट तक पानी भर गया है। इन गांवों के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


श्री चतुर्भुज गोशाला सनौली खुर्द में यमुना का तटबंध टूटने के बाद मंगलवार के बजाय बुधवार को पानी अधिक रहा। यह करीब चार फुट तक भरा है। गोशाला के संरक्षक हरिओम तायल, प्रधान राकेश गुप्ता व गोरक्षा दल हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद सिंह आर्य समेत कई लोग यहां डेरा डाले हुए हैं। यहां से करीब 1200 गोवंश को बाहर निकाल कर मंगलवार को ही दूसरी गोशालाओं व नैन गोअभ्यारण में भेज दिया गया था। सनौली खुर्द का थाना हरिद्वार हाईवे पर चतुर्भुज गोशाला के पास ही है। प्रशासनिक अधिकारी यहीं पर बैठकर पानी को नियंत्रित करने को लेकर रणनीति बना रहे हैं। डीसी वीरेंद्र दहिया, सिंचाई विभाग के एसीएस, एसडीएम समालखा अमित कुमार सहित कई अधिकारी बुधवार को दिनभर डटे रहे।
सावन की बारिश बुधवार को भी जारी रही। सुबह साढ़े नौ से करीब 11 बजे तक तेज बारिश चली। मौसम विभाग ने पानीपत में 18 और समालखा में 11 एमएम बारिश दर्ज की। बाकी क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हुई। इधर शहर में कई सड़कों पर मलबा डालकर राहगीरों के निकलने का रास्ता बनाया गया।
मिर्जापुर गांव के पास यमुना के तटबंध से बुधवार को रिसाव शुरू हो गया। ग्रामीणों ने आगे आकर मोर्चा खुद संभाल लिया। सरपंच अनिल गोस्वामी ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से जेसीबी लेकर रिसाव बंद किया गया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों की अनदेखी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर घाट पर कोई ठोकर नहीं बनाई। वे इसके लिए प्रशासन से मिले भी थे। अधिकारियों इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। थाना बापौली प्रभारी अतर सिंह ने भी गांव पहुंचे।
जिलाधीश वीरेंद्र कुमार दहिया ने दंड प्रक्रिया नियमावली 1973 की धारा 144 के तहत आमजन की सुविधा व कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आम लोगों के यमुना बांध पर जाने पर तुरंत प्रभाव से प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। उक्त आदेशों की अवहेलना में करने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई की जाएगी।
एनडीआरएफ की एक टुकड़ी में 20 जवान मंगलवार को ही पानीपत पहुंच गए थे। बुधवार को सेना के 50 जवानों की एक टुकड़ी पहुंची है। यह बचाव कार्य में सहयोग करने के साथ ग्रामीणों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखेंगे। बताया जा रहा है कि सेना की एक अन्य टुकड़ी बुधवार शाम तक पहुंचनी थी, लेकिन प्रशासन ने फिलहाल इसको होल्ड कर लिया है।
यमुना के साथ लगते गांवों में ग्रामीणों ने ठिकरी पहरा शुरू कर दिया है। ग्रामीण व सरपंच रातभर गांव के चौक पर बैठकर जलस्तर पर नजर रखे हुए हैं। वहीं समालखा क्षेत्र के घोड़ीवाला डेरे में बुधवार शाम को पानी घुस गया।

सिंचाई विभाग यमुना के टूटे तटबंधों की मरम्मत कर रहा है। ऐसे में ग्रामीण भीड़ लगाकर इकट्ठा न हों। इससे कार्य करने में असुविधा होती है। वे अपने आसपास की स्थिति संभालें और किसी प्रकार की घटना पर कंट्रोल रूम में सूचना दें।


- वीरेंद्र कुमार दहिया, उपायुक्त।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed