सनौली। औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाली काली राख को जमीन में डालकर भरा भरने से परेशान किसानों की फसल खराब होने और प्रदूषण से परेशान होकर ग्रामीणोंं ने इसकी शिकायत एसडीएम समालखा, विधायक मनमोहन भडाना, प्रदूषण विभाग और सनौली थाना पुलिस को दी हैं। हवा में उड़ती राख से परेशान आसपास के निवासियों और किसानों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह राख सनौली थाना व गोशाला के नजदीक नेशनल हाईवे सड़क के पास करीब 15 एकड़ जमीन पर राखी डंपरों से डाली जा रही हैं। रात के अंधेरे में बडे-बडे डंपर राख डाल रहे हैं। सुबह किसान देखते है तो राख उड़कर खेतों में पहुंचकर फसलों को खराब कर रही है।
किसान सचिन, कृष्ण, रणधीर, रामचन्दर, राजबीर, अमित व बिल्ला ने बताया कि उड़ती राख से उनकी फसल खराब हो रही हैं। रात के अंधेरे में राखी डालने से पड़ोसी किसान व सड़क पर वाहन चालक परेशान हैं। आसपास के खेतों में राख उड़कर फसलों व खेतों में जम रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य और फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। समस्या के निस्तारण के लिए ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसडीएम, प्रदूषण विभाग, विधायक मनमोहन भडाना, सनौली थाना पुलिस को दी है, साथ ही उन्होंने समस्या के जल्द समाधान की मांग की है।