पानीपत। महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए शिवालय सज गए हैं। मंदिर प्रबंधन के साथ पुलिस ने भी सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए कमर कस ली है। शहर के प्रमुख मंदिरों के नजदीक राइडर और पीसीआर तैनात की गई है, इसके साथ भादौड़ और जौरासी गांव में लगने वाले मेले में अतिरिक्त पुलिस लगाई है।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। शहर के प्रमुख मंदिर प्राचीन देवी मंदिर, जगन्नाथ मंदिर, असंध रोड शिव मंदिर और सेक्टर-12 स्थित सनातन धर्म शिव मंदिर में पीसीआर और राइडर तैनात की जाएगी। पुलिसकर्मियों को इसके निर्देश दिए हैं। भादौड़ और जौरासी गांव में दूर-दूर से लोग जलाभिषेक के लिए आते हैं। मंदिर परिसर में मेले का आयोजन किया जाएगा। पुलिस ने दोनों स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किया है।