समालखा। थाना परिसर में शुक्रवार को औषधी व फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण बचाओ का संदेश दिया गया। डीएसपी नरेंद्र कादियान व एसएचओ दीपक ने थाने में सभी अधिकारियों से क्राइम पर बैठक भी की। बैठक में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
डीएसपी नरेंद्र कादियान ने कहा कि हर आदमी को पेड़-पौधे लगाने चाहिए। इससे पर्यावरण को बचाया जा सकता है। बैठक में शेष बचे केसों के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों को जल्द से जल्द केस निपटाने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को महिलाओं के विरुद्ध अपराध, वाहन चोरी, लूट, स्नेचिंग, चोरी और हत्या जैसी गंभीर वारदातों की रोकथाम हेतु थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्जों को उचित व प्रभावी कदम उठाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए। गश्त के दौरान संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की गहनता से जांच करने के लिए कहा गया। सार्वजनिक स्थानों व गाड़ियों में बैठकर सड़क किनारे शराब पीने व शराब ठेके के नजदीक रेहड़ियों पर शराब पिलाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए तुरंत कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एसएचओ दीपक, हथवाला चौकी इंचार्ज बालेश, हल्दाना चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह, समालखा चौकी इंचार्ज जितेंद्र आंतिल आदि उपस्थित रहे।