सनौली। सनौली खुर्द और बबैल गांव स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शांति सरोवर में एक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता सेवा केंद्र की राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी पूनम व ज्योति रही। उन्होंने बताया कि आज लाखों युवक नशे की लत में फंसकर अपनी शारीरिक, मानसिक, सामाजिक व आर्थिक स्थिति को कमजोर बनाते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों से जो आनंद की प्राप्ति पीने वाला महसूस करता है वो क्षणिक है और उससे होने वाले रोग सदाकाल के लिए शरीर में घर कर जाते हैं। कुछ भोले भाले लोग अनजाने में इन व्यसनों के शिकार बन जाते हैं इसलिए इसके प्रति लोगों में जागृति लानी अति आवश्यक है।
बहन पूनम ने कहा कि नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी होने के पश्चात यदि कोई आपको नशे का सेवन करने के लिए बाध्य करता है तो कठोरता से इन्कार कर दें। नशे की कोई भी वस्तु स्वीकार न करें। पहले स्वयं को व्यसनों से मुक्त बनाओ, स्वयं के परिवर्तन से ही दूसरों का परिवर्तन करना संभव हो सकता है। कोई पिता अगर शराब पीता हो और अपने बच्चों को कहे कि नशा नहीं करना चाहिए तो ऐसी शिक्षा का कोई फायदा नहीं। इस मौके पर नरेश, कृष्ण, राहुल, सतीश, अमित, विशाल, साहिल, बलराम, मीनू, नरेश, बलवान, राकेश, महाबीर, अभिसेक, रमेश त्यागी, पूष्पा, रेखा, प्रिया, निधी, कोमल व सोनिया मौजूद रही।