बच्ची का झाड़ियों में मिला था शव: मासूम के हत्यारोपी की सूचना देने पर पुलिस देगी दो लाख इनाम, एसआईटी गठित
सात साल की मासूम की हत्या की मामले में रविवार को आईजी ममता सिंह समालखा पहुंचीं। उन्होंने उस जगह का निरीक्षण किया, जहां पर मासूम का शव मिला था। पुलिस आठ दिन बाद भी आरोपी का सुराग नहीं लगा पाई है।
विस्तार
हरियाणा के पानीपत के एक में सात वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या का आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। आठ दिन बाद भी पुलिस आरोपी का सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस ने आरोपी की सूचना पुलिस को देने पर रखी गई इनाम की राशि दो लाख रुपये कर दिया है। इसके साथ ही एसआईटी (स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम) का गठन कर दिया है।
इसके अलावा पुलिस ने छह मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं, जिस पर इस हत्याकांड से संबंधित जानकारी दी जा सकती है। रविवार को थाना समालखा में अधिकारियों और टीम प्रभारियों के साथ एसपी ने बैठक कर अभी तक की कार्रवाई की समीक्षा की।
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि सात वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या का मामला पुलिस के लिए प्राथमिकता है। इस मामले में पुलिस कोई कसर नहीं रखना चाहती है। आरोपी को पकड़ने के लिए लगाई गईं टीमें छोटी से छोटी जानकारी उनसे साझा कर रही हैं। बैठक में आरोपी या आरोपियों की सूचना देने पर रखी गई 50 हजार की इनाम राशि को बढ़ाकर दो लाख रुपये किया गया। इसके साथ ही घटना स्थल का फिर से निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया है।
एएसपी पूजा वशिष्ठ के नेतृत्व में गठित की एसआईटी
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि आरोपियों को शीघ्र पकड़ने के लिए एएसपी पूजा वशिष्ठ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की है। जिसमें महिला विरुद्ध अपराध डीएसपी प्रदीप कुमार, तीनों सीआईए इंचार्ज, समालखा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र और फॉरेंसिक टीम इंचार्ज डॉ. नीलम आर्य को शामिल किया गया है।
यह था मामला
12 दिसंबर को सात वर्षीय मासूम बच्ची मंदिर में मूर्ति स्थापना के कार्यक्रम में गई थी। जहां से वह लापता हो गई थी। मंगलवार को झाड़ियों में उसका शव मिला था। परिजनों ने हत्या के साथ ही मासूम के साथ दुष्कर्म होने की आशंका जताई थी। एसपी ने तब हत्यारोपी का पता बताने वाले को 50 हजार का इनाम देने की घोषणा भी की थी। सीआईए की तीनों टीमों के अतिरिक्त कई अन्य टीमें जांच कर रही थीं।
कांग्रेस ने साधा सरकार पर निशाना
इस मामले में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सूरजेवाला ने ट्वीट करते हुए भाजपा सरकार पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि खट्टर और दुष्यंत सरकार होश में आओ, पानीपत में दिवंगत बेटी को न्याय दिलाओ। हत्यारों को सलाखों के पीछे पहुंचाओ, फिर बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ के नारे लगाओ।
यह घटना दिल को झकझोर देेने वाली वाली है : शैलजा
कांग्रेस पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि हरियाणा में अपराध इतना बढ़ चुका है कि अब छोटी बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं। दूसरी ओर सरकार बड़े-बड़े दावे करती है। सात साल की मासूम के साथ हुई यह घटना दिल को झकझोर देने वाली घटना है। इस मामले में शीघ्रता से कार्रवाई की जाए और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।
पुलिस ने इन नंबरों पर दे सकते हैं सूचना
- एएसपी पूजा वशिष्ट- 7419600116
- डीएसपी प्रदीप कुमार- 7056000106
- एसएचओ समालखा- इंस्पेक्टर नरेंद्र- 7056000120
- सीआईए-1 इंचार्ज इंस्पेक्टर राजपाल- 7056000111
- सीआईए-2 इंचार्ज इंस्पेक्टर वीरेंद्र- 7056000112
- सीआईए-3 इंचार्ज इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर-7056000402
परिजनों की मांग
- आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
- केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए।
- दोषी को फांसी की सजा दी जाए।
आईजी ने किया वारदात स्थल का निरीक्षण
सात साल की मासूम की हत्या की मामले में रविवार को आईजी ममता सिंह समालखा पहुंचीं। उन्होंने उस जगह का निरीक्षण किया, जहां पर मासूम का शव मिला था। उन्होंने पानीपत पुलिस को मामले में जांच के लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
आईजी ममता सिंह ने रविवार को एसपी शशांक कुमार सावन, डीएसपी प्रदीप कुमार, थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार, चौकी इंचार्ज हरनारायण, सीआईए एवं एफएसएल की टीम के साथ मौका मुआयना किया। इसके साथ ही उन्होंने थाने में अधिकारियों के साथ बैठक भी की। जिसमें अभी तक की कार्रवाई के बारे में जानकारी हासिल की गई।
पूरे मामले में आईजी का कुछ भी कहने से इंकार
समालखा थाने में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद आईजी ममता सिंह रवाना हो गईं। इस दौरान उन्होंने पूरे केस पर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। हाथ से मना करने का इशारा करते हुए वह चली गईं।
जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा। मामले की गहनता से जांच चल रही है। इस मामले में किसी तरह भी तरह की जानकारी हो तो पुलिस के साथ साझा करें। जानकारी देने वाला का नाम गुप्त रहेगा। - प्रदीप कुमार, डीएसपी