समालखा। वर्षों से कत्था फैक्टरी की चिमनी से निकल रहे जहरीले धुएं से अब ताला एंक्लेव कालोनी के निवासियों को छुटकारा मिलने की उम्मीद है। यह संभव हुआ हुआ सूचना के अधिकार के कानून की वजह से। आरटीआई लगाए जाने पर रॉयल कत्था फैक्टरी मालिक ने कालोनी वासियों के साथ बैठक की और 10 दिन में प्रदूषण से मुक्ति दिलाने का आश्वासन दिया। बताया कि चिमनी फिल्टर लगाए जा रहे हैं।
आरटीआई एक्टिविस्ट पीपी कपूर ने बताया कि जीटी रोड पर श्री तारा एंक्लेव कालोनी के मुख्य द्वार के पास बनी फैक्टरी की चिमनी से निकलने वाले धुएं से कालोनी वासी परेशान हैं। कई बार शिकायत पर कोई असर न हुआ। गत 22 जुलाई को प्रदूषण के खिलाफ कई विभागों में एक साथ आरटीआई लगाई तो फैक्टरी मालिक राकेश भाटिया ने आश्वासन दिया है कि वह जल्द ही समस्या का हल करवाएंगे। शुक्रवार को फिर फैक्टरी मालिक ने दिल्ली से बॉयलर एक्सपर्ट को बुलाया। उन्होंने बताया कि चिमनी में 10 अगस्त तक आधुनिक फिल्टर लग जाएगा। इससे वायु प्रदूषण की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी । बैठक में आरटीआई एक्टिविस्ट पीपी कपूर, श्री तारा एंक्लेव कालोनी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान नरेश जौरासी, फैक्टरी मालिक राकेश भाटिया, राजेश कुहाड़, रमेश वशिष्ठ, राजेश गुज्जर, बलबीर राठी आदि मौजूद रहे।