फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Panipat News ›   Haryana adopted the mantra of 'If one is safe, one is safe', became an example for the country: Modi

एक हैं तो सेफ हैं के मंत्र को हरियाणा ने अपनाया, बना देश के लिए उदाहरण : मोदी

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Tue, 10 Dec 2024 02:48 AM IST
विज्ञापन
Haryana adopted the mantra of 'If one is safe, one is safe', became an example for the country: Modi
पानीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने एक हैं तो सेफ हैं के मंत्र को अपनाया है। इसी का नतीजा है कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनी और इसका उदाहरण देश भर में दिया जा रहा है। पीएम ने मुख्यमंत्री नायब सिंह को ऊर्जावान सीएम बताते हुए प्रदेश सरकार के कार्याें की सराहना की। पीएम ने सरकार के बिना खर्ची-बिना पर्ची नौकरियां देने के कदम की भी सराहना की।
विज्ञापन



प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को पानीपत में एलआईसी की बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पांच बीमा सखियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए। पीएम ने करनाल स्थित महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर की वर्चुअल आधारशिला भी रखी। कार्यक्रम में पीएम ने सबसे पहले हरि के ठिकाणे हरियाणा के बहन-भाइयों को राम-राम, कहकर अपने संबोधन की शुरुआत की और फिर हरियाणा से अपने जुड़ाव की जानकारी दी।
विज्ञापन




पीएम ने कहा उनका हरियाणा से रिश्ता और लगाव बहुत पुराना रहा है। यहां के लोगों ने लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई है। सीएम सैनी की नई सरकार ने कुछ ही सप्ताह में बेहतर काम किए हैं। जिनकी प्रशंसा आज पूरे देश में हो रही है। यहां की सरकार की साफ नीयत के चलते बिना खर्ची-पर्ची के युवाओं को पक्की नौकरी मिली है। यहां डबल इंजन की सरकार डबल रफ्तार के साथ चल रही है। हरियाणा के लोगों ने चुनाव के समय एक नारा दिया था म्हारा हरियाणा, नॉन स्टॉप हरियाणा। भाजपा ने इस नारे को संकल्प बना लिया और वे आज यहां हरियाणा की जनता के दर्शन करने आए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन




पानीपत बना नारी सखी की प्रति भूमि



मोदी ने कहा कि वे करीब 10 साल पहले पानीपत में आए थे। तब यहां से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना का शुभारंभ किया था। इन सालों में हरियाणा समेत देशभर में हजारों बेटियों काे बचाया गया है। अब यहीं से बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया है। पानीपत नारी शक्ति की प्रति भूमि बन गया है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का संकल्प लिया है। इसके लिए अतिरिक्त ऊर्जा की जरूरत है। यह नारी शक्ति के बिना संभव नहीं है। बैंक सखी व कृषि सखी समेत कई योजनाओं के साथ अब बीमा सखी भी लोगों के बीच में हैं। भाजपा सरकार ने महिलाओं के आगे आने वाली हर बाधा को हटाने की ठानी है। आज अग्रिम मोर्चों पर महिलाएं तैनात हैं और लड़ाकू विमान भी उड़ा रही हैं। बेटियां कंपनियों की कमान संभाल रही हैं और खेल और शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे हैं।



प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल के मैदान में मेडल पाना किसी को आसान नजर आता होगा लेकिन ऐसा नहीं है। इसके लिए एक खिलाड़ी की वर्षों की मेहनत लगती है। इसी तरह एवरेस्ट पर चढ़ने के लिए वर्षों संघर्ष करना पड़ता है। बीमा सखी योजना की नींव में भी वर्षों की तपस्या लगी है। आजादी के 60-65 साल बाद भी महिलाओं के पास बैंक खाते नहीं थे। आज जन धन योजना में 30 करोड़ बैंक खाते नहीं होते तो गैस की सब्सिडी और कोरोना महामारी के दौरान महिलाओं को आर्थिक मदद नहीं मिल पाती। सुकन्या समृद्धि समेत दूसरी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता। मोदी ने कहा कि महिलाओं के पास बैंक खाते हैं तो वे मुद्रा लोन ले पाईं हैं।



मोदी ने समझाया आय का फाॅर्मूला



मोदी ने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं को आज गांव तक पहुंचाया गया है। इसमें बहनों की विशेष भूमिका है। पहले महिलाओं का बीमा भी नहीं होता था। आज महिलाएं बीमा सखी बनकर खुद इस काम को धरातल पर लेकर जा रही हैं। बीमा सखी योजना से दो लाख महिलाओं को रोजगार मिलेगा। बीमा सखी योजना में प्रशिक्षण व तीन साल तक आर्थिक मदद दी जाएगी। एक एलआईसी एजेंट हर महीने औसतन 15 हजार रुपये कमाता है। ऐसे में महिलाएं हर साल पौने दो लाख रुपये तक कमाएंगी। वे ऐसा कर अपने परिवार का सहारा बनेंगी। इससे भारत को विकसित बनाने में विशेष सहयोग मिलेगा। सामाजिक सुरक्षा के साथ गरीबी को खत्म करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश में आज 20 करोड़ से ज्यादा लाेगों का बीमा हुआ है। 20 हजार करोड़ रुपये की क्लेम राशि लोगों को मिली हैं। यह देश को सामाजिक सुरक्षा देने की दिशा में बड़ा कदम है। मोदी ने स्वयं सहायता समूह के देश की मजबूती के लिए कारगर होने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे 10 करोड़ बहन जुड़ी हैं। आठ लाख करोड़ से ज्यादा की मदद की है। एक बेटी के शिक्षित होने पर दो परिवार आगे बढ़ते हैं। उन्होंने लाल किला से तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने की घोषणा की थी। अब तक सवा करोड़ लखपति दीदी बन चुकी हैं।



महिलाओं को वितरित किए प्रमाणपत्र



मोदी ने पानीपत से विपक्ष पर हमला करते हुए महिलाओं व किसानों को साधने का प्रयास किया। मोदी ने पानीपत की राखी त्यागी समेत देश के अलग-अलग कोनों की पांच महिलाओं को बीमा सखी योजना के प्रमाणपत्र दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर बाद 2:28 बजे मंच पर पहुंचे। उनके साथ राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीमारमण, शहरी एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी और आरती राव रहीं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 मिनट तक प्रदेश समेत देश के लोगों को साधने का प्रयास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में आज भारत अलग मुकाम पर पहुंच गया है। आज नौ दिसंबर को पानीपत की धरती से बीमा सखी योजना का शुभारंभ हुआ है। नौ अंक को शास्त्रों में शुभ माना जाता है। नव दुर्गा का रूप नव शक्ति से जुड़ा हुआ है। हम नवरात्र पर मां शक्ति की उपासना करते हैं। आज का दिन भी नारी शक्ति की उपासना करने का है। उन्होंने कहा कि नौ तारीख को ही संविधान को लेकर पहली बैठक हुई थी। हम इसका आज 75वां वर्ष मना रहे हैं। मोदी ने कहा कि आज नीति व धर्म का ज्ञान देने वाली इस धरती पर आना हुआ है। यह उस समय है जब हम कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव मना रहे हैं।



हरियाणा में नमो दीदी ड्रोन की चर्चा



मोदी ने कहा कि हरियाणा में नमो ड्रोन दीदी की चर्चा है। इसकी चुनाव में भी काफी सराहना हुई। उनको पता चला कि हरियाणा की एक महिला ने ड्रोन दीदी बनकर करीब 800 एकड़ में छिड़काव किया। इससे तीन लाख रुपये की कमाई की। इस तरह की योजनाओं से खेती व बहनों दोनों का जीवन बदल सकता है। 60 हजार कृषि सखी बनाई गई हैं। आने वाली पीढ़ी उनको याद रखेंगी।



हर चीज को वोट बैंक से जोड़ना ठीक नहीं



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पानीपत की धरती से विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हर चीज को वोट बैंक से जोड़ना ठीक नहीं है। विपक्ष वाले आज इसी के चलते परेशान भी हैं कि मोदी के खाते में लोग क्यों जा रहे हैं। उन्होंने घोषणाओं पर काम किया और इसी के चलते बहनों के साथ उनके रिश्ते मजबूत होते चले गए। विपक्ष को यह सब जानने के लिए पिछले 10 वर्ष के सफलता को याद करना होगा। उस समय आदर्श शौचालय नहीं थे। मोदी ने आज करोड़ों शौचालय बनवाए हैं। उस समय गैस कनेक्शन तक नहीं मिल पाता था। आज खाताें में सब्सिडी आ रही है। मोदी सरकार ने हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाया है। पहले महिलाओं के नाम प्रॉपर्टी नहीं होती थी। विधानसभा व लोकसभा में 35 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग उठती थी। मोदी ने साफ नीयत व ईमानदारी के साथ काम किया और बहनों का आशीर्वाद उनको मिलता गया।




किसान कल्याण के लिए किया काम



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्होंने किसानों के कल्याण के लिए ईमानदारी के साथ काम किया। हरियाणा में फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। धान, बाजरा और मूंग उत्पादक किसानों को 14 हजार करोड़ रुपये दिए हैं। सूखा प्रभावित क्षेत्र में किसानों को आठ सौ करोड़ रुपये दिए हैं। चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय ने कृषि के क्षेत्र में काम किया। अब फल और सब्जी में भी हरियाणा की पहचान होगी। करनाल में महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय में नई सहूलियत मिलेंगी। इससे राज्य का तेजी से विकास होगा। प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार तीन गुना तेजी के साथ काम करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed