पानीपत। एनआईआरसी ऑफ आईसीएआई पानीपत शाखा द्वारा महिला व युवा सदस्य उत्कृष्टता समिति के अंतर्गत 21 व 22 मई को कसौली में दो दिवसीय आवासीय रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन किया गया। यह विशेष शैक्षणिक व रिफ्रेशर यात्रा केवल महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट सदस्यों के लिए आयोजित की गई जो पानीपत शाखा की अपनी तरह की पहली पहल मानी जा रही है। कार्यक्रम में 28 महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान वस्तु व सेवा कर (जीएसटी), जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटीएटी) निर्देश, सोशल मीडिया के माध्यम से व्यक्तिगत पहचान निर्माण और पेशेवर व निजी जीवन में संतुलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं ने ज्ञानवर्धक सत्र लिए। इस रिफ्रेशर कोर्स का उद्देश्य केवल व्यावसायिक ज्ञान को बढ़ाना ही नहीं था, बल्कि महिला सदस्यों के बीच आपसी सहयोग, नेटवर्किंग, आत्मविश्वास और महिला सशक्तीकरण को भी प्रोत्साहित करना था। सभी प्रतिभागियों ने इस अनूठी पहल को महिला सदस्यों के लिए प्रेरणादायक, उपयोगी और ऐतिहासिक कदम बताया। इस विशेष आयोजन का संचालन व संयोजन शाखा सचिव सीए रजनी गोयल ने किया।