{"_id":"66d5b1d905a9bd9bc60ae978","slug":"panipat-demanded-extortion-of-rs-5-lakh-from-lawyer-2024-09-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Panipat: वकील से मांगी पांच लाख रुपये की रंगदारी, न देने पर परिवार को खत्म करने की धमकी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
Panipat: वकील से मांगी पांच लाख रुपये की रंगदारी, न देने पर परिवार को खत्म करने की धमकी
Mon, 02 Sep 2024 06:08 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, पानीपत (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, पानीपत (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Mon, 02 Sep 2024 06:08 PM IST
सार
आरोपी ने चार बार व्हाट्सएप कॉल कर धमकी दी है। आरोपी ने वकील के पास उसकी घर के फोटो व वीडियो भी भेजे हैं। आरोपी ने वकील को उसके बच्चों का अपहरण करने की धमकी भी दी है। वकील ने घटना की शिकायत मॉडल टाउन थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हरियाणा के पानीपत में वकील को व्हाट्सएप कॉल कर बदमाश ने पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। आरोपी ने रंगदारी न देने पर वकील के परिवार को खत्म करने की धमकी दी है। वकील को शनिवार व रविवार को चार बार व्हाट्सएप कॉल की गई है। धमकी से सहमे वकील ने इसकी शिकायत मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस मामले की विभिन्न पहल़ुओं पर जांच कर रही है।
विज्ञापन
मूल रूप से सफीदों की सीता श्याम कॉलोनी निवासी डॉ. गौरव देशवाल ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ मॉडल टाउन में किराए पर रहता है। वह पेशे से वकील और स्काईलार्क ग्रुप का निदेशक है। उसके पास शनिवार दोपहर ढाई बजे एक व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉलकर्ता ने उसे उसके बच्चों के अपहरण करने की धमकी दी। उसने कॉल काट दी।
विज्ञापन
इसके बाद फिर उसके पास एक कॉल आई। कॉलकर्ता ने उसे कहा कि उसके बच्चे स्कूल जाते हैं। वह स्कूल जाते हुए उसके बच्चों को उठा लेंगे। उसने इस कॉल को भी काट दिया। उसके पास तीसरी कॉल शनिवार दोपहर 2.40 बजे आई। फिर कॉलकर्ता ने उसे कहा कि उसके परिवार को अच्छे से जानते हैं।
विज्ञापन
उन्होंने उसके बच्चों व पत्नी को उठा लेने दी धमकी दी। फिर उसके पास व्हाट्सएप पर उसके घर की दीवार पर लगे उसके बच्चों व उसकी पत्नी की फोटो भी भेजी। रविवार दोपहर को भी इन्होंने कॉल कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। उसके पास उसके पूरे घर की वीडियो भेजी। पैसे न देने पर उसको व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। उसकी पुलिस से मांग है कि आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए।
पुलिस को शक है कि डॉ. गौरव देशवाल को कॉल करने वाला कोई जान पहचान का व्यक्ति है, जो उसके घर आता जाता हो। जिस प्रकार से डॉ. गौरव के घर की वीडियो बनाई गई है। इससे आभास हो रहा है कि इस वारदात को अंजाम देने वाला कोई जान पहचान का हो सकता है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मॉडल टाउन पुलिस थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की विभिन्न पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है। वह धमकी भरी वीडियो की जांच कर रहे हैं। उम्मीद है कि आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।