पानीपत। गांव नारा में रविवार की रात लोकसभा करनाल से कांग्रेस प्रत्याशी के लिए आयोजित नुक्कड़ सभा में मनोरंजन कर रहे कलाकारों को एक युवक ने पीट दिया। इसके साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। नुक्कड़ सभा में मारपीट से अफरातफरी मच गई। बाद में नुक्कड़ सभा के आयोजक ने कलाकारों के साथ मारपीट करने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
गांव नारा निवासी अनिल खरब ने मतलौडा थाना में शिकायत दी थी कि वह अपने गांव में करनाल लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा के आगमन को लेकर नुक्कड़ सभा करवा रहे थे। इस मौके पर ग्रामीणों के मनोरंजन के लिए कलाकारों को भी बुलाया गया था। तभी गांव का निवासी जोगिंद्र मंच पर चढ़ गया और कलाकारों से गालीगलौज करने के बाद मारपीट की। कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी। अनिल खर्ब की शिकायत पर पुलिस ने जोगिंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।