अमृतसर और जालंधर में कोरोना से एक-एक मौत, प्रदेश में 2791 लोग पीड़ित, अब तक 57 की गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में बुधवार को दो लोगों की मौत के अलावा विभिन्न जिलों से 72 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। पंजाब में महामारी से मरने वालों की संख्या 57 और संक्रमितों की संख्या 2791 पहुंच गई है। बुधवार को जालंधर और अमृतसर में एक-एक व्यक्ति ने दम तोड़ा। जालंधर में कोरोना से यह दसवीं और अमृतसर 12वीं मौत है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पठानकोट में सबसे ज्यादा 19 लोग पॉजिटिव पाए गए जिनमें तीन लोग घरेलू फ्लाइट के जरिए आंध्र प्रदेश, पुणे और दिल्ली से लौटे हैं। तीन लोग पहले से पीड़ित व्यक्ति के करीब हैं जबकि 13 नए केस हैं। अमृतसर में पॉजिटिव पाए गए 13 और लुधियाना में 11 पॉजिटिव केस पहले से पीड़ित लोगों के करीबियों के हैं।
यह भी पढ़ें- नवजोत सिद्धू को लेकर फिर कयासबाजी शुरू, मनाने के लिए कांग्रेस दे सकती ये बड़ा ओहदा
गुरदासपुर में 13 नए मामले मिले हैं। फतेहगढ़ साहिब में यूपी और मुंबई से लौटे दो लोगों को पॉजिटिव पाया गया है। वहीं, संगरूर के 4 मामलों में से एक एनआरआई, एक कोलकाता से लौटा व्यक्ति और दो स्थानीय लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। मोहाली में तीन पॉजिटिव केसों में से दो कश्मीर और दिल्ली से लौटे व्यक्ति हैं। इनके अलावा नवांशहर में विदेश के लौटे एक व्यक्ति को, कपूरथला में बिहार से लौटे एक व्यक्ति को, बरनाला में दिल्ली से लौटे एक व्यक्ति और पटियाला में अन्य राज्यों से आए 3 व्यक्तियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वहीं, जालंधर में भी बुधवार को एक नया पॉजिटिव केस दर्ज किया गया।
राज्य में अब तक 1,44,467 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। विभिन्न अस्पतालों में इस समय 518 लोगों का इलाज चल रहा है। बीते 24 घंटे के दौरान 65 लोगों के ठीक होने की खबर है। इनमें लुधियाना के 14, पठानकोट के 11, जालंधर के 9, तरनतारन, होशियारपुर व नवांशहर के 3-3, गुरदासपुर व मोहाली के 4-4, संगरूर व बठिंडा के 5-5, बरनाला के 2 और फतेहगढ़ साहिब व मोगा के 1-1 मरीज शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना को मात देने वालों की संख्या 2232 हो गई है।
जालंधर में कोरोना से बुजुर्ग की मौत
जालंधर के मोती नगर मकसूदां के रहने वाले 86 साल के कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की निजी अस्पताल में मौत हो गई है। यह जालंधर में कोरोना से दसवीं मौत है। दो दिन पहले बुजुर्ग की हालत खराब हुई थी, जिसके बाद श्रीमन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अस्पताल के चिकित्सकों ने बुजुर्ग का कोरोना सैंपल लेकर भेजा था। बुधवार को सुबह पांच बजे बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। छह बजे जालंधर के सिविल अस्पताल लाया गया और कुछ समय बाद ही उनकी मौत हो गई।
अमृतसर: कोरोना से एक और मौत, मरने वालों की संख्या हुई 12
अमृतसर में कोरोना वायरस ने एक और जिंदगी निगल ली है। लाहौरी गेट निवासी कोरोना पॉजिटिव एक शख्स ने श्री गुरुनानक देव जी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दम तोड़ दिया। इस शख्स को बुधवार को सुबह आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। अमृतसर में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 12 हो गई है।
अस्पताल प्रशासन ने मृतक का शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। गुरुवार सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा। अमृतसर में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 527 हो गई है। जिसमें 383 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। 133 मरीजों का इलाज चल रहा है। इधर, बुधवार को अमृतसर में 12 नए कोरोना मरीज रिपोर्ट हुए। इनमें एक एसजीपीसी का कर्मचारी भी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मोहिनी पार्क निवासी एसजीपीसी कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिला है। यह कर्मचारी अपने ही स्वजन के संपर्क में आने से संक्रमण ग्रस्त हुआ।
परिवार का एक तीसरा सदस्य भी पॉजिटिव निकला है। इसी प्रकार तीन पॉजिटिव केस गार्डन एन्क्लेव में रिपोर्ट हुए हैं, जो कोरोना पॉजिटिव स्वजन के संपर्क में थे। छह केस कम्युनिटी में कोरोना की घुसपैठ की वजह से सामने आए हैं। इनमें बॉम्बे वाला खूह से एक, मान सिंह गेट से एक, कटड़ा खजाना से एक, कटड़ा चढ़त सिंह से एक, लॉरेंस रोड से एक, गांव चूचक लोपोके से एक-एक मरीज रिपोर्ट हुए हैं।
इन सभी का कोई यात्रा इतिहास नहीं है। इसके अतिरिक्त मुंबई से लौटा खासा निवासी एक शख्स भी पॉजिटिव पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को आइसोलेशन वॉर्ड में एडमिट करवा दिया है। अमृतसर में कोरोना से 12 लोगों की मौत हो चुकी है।
गुरदासपुर में 13 नए मरीज संक्रमित
गुरदासपुर में बुधवार को कुल 13 लोग कोविड-19 संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित पाए जाने वाले 13 लोगों में 12 लोग संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोग थे जबकि एक केस लुधियाना मोहल्ला धारीवाल का सामने आया है। इनमें एक 15 साल का लड़का भी है। बटाला के शुक्रपुरा मोहल्ला निवासी मरीज के संपर्क में आने वाले 9 मरीज भी इसमें शामिल हैं।
इन मरीजों में 6 शुक्रपुरा मोहल्ला और 3 सुंदरनगर मोहल्ला से संबंधित है। वहीं धारीवाल के लुधियाना मोहल्ला के 2 मरीज सामने आए है। जिसमें एक संक्रमित मरीज सफाई कर्मचारी के संपर्क में आया था। वहीं एक 8 साल का बच्चा कम्मोंगल (बटाला) की महिला मरीज के संपर्क में आया था। लुधियाना मोहल्ला धारीवाल में संक्रमित पाया जाने वाला एक मरीज नया है। जो 7 जून को मुंबई से पंजाब आया था। यह मरीज ट्रेन के जरिए अमृतसर से अपने घर पहुंचा था। गुरदासपुर में अब कुल 27 एक्टिव मरीज हैं।
4 साल की बच्ची, एसएचओ समेत पठानकोट में कोरोना के 19 नए मामले
पठानकोट में 4 साल का बच्चा और एसएचओ समेत 19 नए मरीज सामने आए हैं। जिससे पठानकोट में कुल संक्रमितों की संख्या 113 हो गई। जबकि, 44 लोगों का इलाज चिंतपूर्णी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वहीं, बुधवार को 8 मरीजों को छुट्टी दे दी गई। जिससे पठानकोट में कोरोना संक्रमण को मात देने वाले लोगों की संख्या 65 हो गई। जबकि 4 लोगों की मौत हो चुकी है।
सिविल सर्जन डॉ. विनोद सरीन ने बताया कि बुधवार आई रिपोर्ट में एक गर्भवती महिला, एक पुलिस का फ्रंटलाइन वॉरियर और 4 व 10 साल की बच्चियां भी शामिल हैं। इनमें से 3 लोगों के एयरपोर्ट पर सैंपल लिए गए थे। जबकि बाकी लोग अन्य संक्रमितों के संपर्क में आए थे। जानकारी के मुताबिक पठानकोट के अंदरूण बाजार, सब्जी मंडी और मीरपुर कॉलोनी में अधिक केस सामने आ रहे हैं। इसके अलावा नंगल भूर, भदरोया रोड, संत नगर, हरिजन कॉलोनी में पहली बार मरीज सामने आए हैं। अंदरूण बाजार में संक्रमित केसों में अधिकतर लोग स्वर्णकार हैं। जो बंगाल समेत अन्य राज्यों से यहां आए हैं।
पटियाला में में चार नए कोरोना पॉजिटिव
पटियाला जिले में बुधवार देर शाम चार नए कोरोना पॉजिटिव केसों की पुष्टि हुई। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा के मुताबिक पटियाला के पाठक विहार में मंगलवार को पॉजिटिव पाए गए 42 साल के व्यक्ति की 36 साल की पत्नी भी आज कोरोना पॉजिटिव मिली है। इनके समेत नाभा के हीरा पैलेस में रहने वाला कोरोना पॉजिटिव युवक जिसकी रविवार को उपचार दौरान मौत हो गई थी। अब उसका 16 साल का बेटा भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
नाभा की गिलजियां स्ट्रीट में 55 साल की एक महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है। इसी तरह से समाना के इंद्रापुरी इलाके का रहने वाला 28 साल का युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह थैलेसीमिया का मरीज है और चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज के लिए गया था। वहां लिए सैंपल में वह कोविड पॉजिटिव पाया गया है। सभी मरीजों को सरकारी राजिंदरा अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करा दिया गया है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव केस 151 हो गए हैं।
चंडीगढ़ से कोटकपूरा पहुंचा संक्रमण, स्वास्थ्य विभाग ने जताई आशंका
एक दिन पहले कोटकपूरा में एक ही परिवार के 13 सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया हुआ है। इसी परिवार के दो सदस्य पहले पॉजिटिव आ चुके थे, जिसके चलते ही विभाग ने परिवार के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे थे। चूंकि इस परिवार का एक सदस्य पिछले दिनों पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन था और वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। विभाग को आशंका है कि परिवार के सदस्य चंडीगढ़ में संक्रमित हुए और एक दूसरे से संपर्क की वजह से इतनी बड़ी तादाद में संक्रमण फैल गया।
परिवार के एक सदस्य पिछले माह अपने घर ही अचानक गिर गया था और उसे गंभीर चोट लगी थी। उसका पहले बठिंडा में उपचार करवाया गया और वहां से उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था। चंडीगढ़ में मौत के बाद चोट लगी होने के कारण पीजीआई प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया जिसके बाद थाना सिटी का एक एएसआई, उक्त परिवार के दो सदस्यों को साथ लेकर चंडीगढ़ गया था और पुलिस कार्यवाही के बाद परिवार को शव हवाले किया था।
सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुलिस कर्मियों की रूटीन सैंपलिंग के दौरान उक्त परिवार के साथ जाने वाले एएसआई के सैंपल भी लिए गए थे जिसमें वह पॉजिटिव मिला और बाद में उसके साथ जाने वाले परिवार के दोनों सदस्य भी पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने कहा कि विभाग को आशंका है कि यह लोग चंडीगढ़ में ही संक्रमित हुए जिसके बाद इनके संपर्क में आने से मरीजों की संख्या बढ़ी। उधर नगर प्रशासन व पुलिस ने एतिहात के तौर पर मुक्तसर रोड व फैक्ट्री रोड की दुकानों को अगले आदेश तक बंद रखने की हिदायतें दी है।