हरियाणा में आठ आईपीएस का तबदला, मंत्री-विधायक की शिकायत पर रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ के एसपी बदले
हरियाणा सरकार ने तीन जिलों के एसपी समेत तुरंत प्रभाव से आठ आईपीएस व एक एचपीएस अधिकारियों के नियुक्ति एवं स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। इनमें से दो जिलों के एसपी का तबादला स्थानीय विधायकों की शिकायत पर हुआ है। यानी जिलों में पुलिस अफसरों और स्थानीय नेताओं में शायद सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है।
मंत्री ओमप्रकाश यादव की जारी हुई ऑडियो में तो उन्होंने महेंद्रगढ़ की एसपी पर जमकर गुस्सा उतारा है। उन्होंने कई तरह के गंभीर आरोप लगाते हुए ऑडियो में कहा है कि एसपी की शिकायत वे सरकार से कर चुके हैं। जिसके तुरंत बाद एसपी महेंद्रगढ़, सुलोचना कुमारी को कमांडेंट, चतुर्थ बटालियन आईआरबी मानेसर नियुक्त किया गया है।
उधर, रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण यादव ने भी एसपी के खिलाफ सरकार से शिकायत की थी। जिसके बाद सरकार ने अब रेवाड़ी की एसपी नाजनीन भसीन को तुरंत प्रभाव से हटाते हुए एसपी आरटीसी, भोंडसी लगाया है। नेताओं की शिकायत पर पुलिस अधीक्षकों को बदलने का ये मामला नया नहीं है। इससे पहले भी अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल ने भी तत्कालीन एसपी मोहित हांडा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। जिसके बाद उनका भी तबादला कर दिया गया था।
खुद गृहमंत्री अनिल विज भी अपने पिछले कार्यकाल में एसपी संगीता कालिया की कार्यप्रणाली से नाखुश थे। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक तक हो गई थी। विज की शिकायत पर ही उनका तबादला हुआ था। अब फिर एक मंत्री और विधायक की शिकायत पर दो जिलों के एसपी बदल दिए गए हैं। इसके अलावा अंबाला के एसपी अभिषेक जोरवाल का भी तबादला हो गया है।
उन्हें एसपी रेवाड़ी लगाया गया है। उधर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आधुनिकीकरण एवं पुलिस कल्याण) आलोक कुमार राय को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जेल) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है । नियुक्ति आदेशों की प्रतीक्षा कर रही कला रामचंद्रन को एडीजीपी (मुख्यालय) लगाया गया है और उन्हें सीएडब्ल्यू का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
एडीजीपी (सीएडब्ल्यू) चारू बाली को एडीजीपी, आईआरबी भोंडसी लगाया गया और उन्हें स्टेट क्राइम ब्रांच, गुरुग्राम का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसी तरह चंडीगढ़ प्रशासन से प्रतिनियुक्ति से लौटने पर नियुक्ति आदेशों की प्रतीक्षा कर रहे शशांक आनंद को डीआईजी, सीआईडी लगाया गया है। डीसीपी ईस्ट, गुरुग्राम, चंद्रमोहन जिनके पास डीसीपी ट्रैफिक तथा सीईओ मोबिलिटी, जीएमडीए का अतिरिक्त कार्यभार था, को एसपी महेंद्रगढ़ लगाया गया है। जबकि एसपी सीआईडी राजेश कालिया को एसपी अंबाला लगाया गया है।