DIG Bhullar: अब पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने दर्ज किया आय से अधिक संपत्ति का केस, सेवामुक्त करने पर भी विचार
पूर्व डीआईजी भुल्लर को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत पूरी होने पर जिला अदालत में वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेश किया गया। अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत को 14 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। उनकी तरफ से कई वकील भी अदालत में पेश हुए।
विस्तार
भ्रष्टाचार के मामले में फंसे रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर पर पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने शुक्रवार को आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज कर लिया है। अब पंजाब विजिलेंस भी भुल्लर की संपत्ति को खंगालेगा।
सीबीआई पहले ही भुल्लर के खिलाफ इस मामले में केस दर्ज कर चुकी है। आरोपी भुल्लर को निलंबित कर पंजाब गृह विभाग ने उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार आरोपी को सेवामुक्त करने के लिए भी कानूनी राय ली जा रही है। दूसरी ओर, डीआईजी के वकील इस बात का दावा कर रहे हैं कि उनकी संपत्ति उनकी नौकरी से पहले की है। यह उनकी पुश्तैनी प्रॉपर्टी है।
वहीं भुल्लर के साथ पकड़े गए बिचौलिये कृष्णू से रिमांड के दूसरे दिन सीबीआई ने मोबाइल व व्हाट्अप चैट के रिकवर डाटा पर पूछताछ की। सीबीआई ने पंजाब के एक डीएसपी व एक अन्य अधिकारी से रिश्वतकांड में सामने आ रहे उनके नाम और जुड़े तथ्यों के संबंध में पूछताछ कर स्टेटमेंट रिकॉर्ड किए। डायरी में अफसरों और उद्योगपतियों को लेकर जो एंट्री हुई हैं, उसमें अब तक सीबीआई जांच में यही बात सामने आई है कि कृष्णू अफसरों व नेताओं के साथ उसके लिंक दिखाकर लोगों के काम पकड़ता था। काम के बदले में वह पैसे भी लेता था। सीबीआई ने भुल्लर के पारिवारिक सदस्यों को भी पूछताछ के लिए समन किया है। भुल्लर की पत्नी, बेटे और बेटी से बरामद संपत्तियों के दस्तावेज, गहने और नकदी के संबंध में पूछताछ की जाएगी और स्टेटमेंट लिए जाएंगे।
पूर्व डीआईजी भुल्लर की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ाई
पूर्व डीआईजी भुल्लर को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत पूरी होने पर जिला अदालत में वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेश किया गया। अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत को 14 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। उनकी तरफ से कई वकील भी अदालत में पेश हुए। हालांकि सीबीआइ ने भुल्लर के रिमांड की मांग नहीं की। सीबीआई कृष्णु के जरिए उन अफसरों तक पहुंचना चाहती है जो रिश्वत के इस नेटवर्क से जुड़े हैं। इसके लिए सीबीआई ने बिचौलिए कृष्णु शारदा का सीबीआई की विशेष अदालत से नाै दिन का रिमांड हासिल किया था।
कृष्णू का खुलासा: भुल्लर के लिए और भी लोग करते थे बिचौलिये का काम
बिचौलिये कृष्णू ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह अकेला ही भुल्लर के लिए बिचौलिए का काम नहीं करता था। और भी कई लोग थे जो इस रिश्वतकांड में शामिल हैं। डेराबस्सी के एक कारोबारी से एक अन्य बिचौलिये ने भुल्लर से काम करवाने के बदले 10 लाख रुपये की मांग की थी। साथ ही धमकी दी थी कि अगर रिश्वत के पैसे नहीं दिए तो फाइल दबा दी जाएगी। यह बात सीबीआई पूछताछ में सामने आई है।
कारोबारी ने इस संदर्भ में पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब सीबीआई मोहाली एसएसपी कार्यालय के भी कुछ अधिकारियों से पूछताछ कर सकती है। इस मामले में जिस कारोबारी ने शिकायत की थी, उससे पूछताछ कर दूसरे बिचौलिये से कृष्णू के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। सीबीआई के मुताबिक कारोबारी ने छह महीने पहले मोहाली एसएसपी ऑफिस को शिकायत नंबर-855 दी थी। एक अन्य कारोबारी ने चावलों की खरीद के नाम पर उससे एक करोड़ रुपये ठग लिए थे। उसकी शिकायत पर एसपी रूरल ने रिपोर्ट बनाकर एसएसपी ऑफिस को भेजी थी, लेकिन उस पर कोई एक्शन नहीं हुआ।