पंचकूला में एक दिन में पांच कोरोना पॉजिटिव मिले, पीड़ितों की कुल संख्या हुई 33, 26 हुए ठीक
पंचकूला में शनिवार को पांच लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम की रेंडम चेकिंग के दौरान 4 जून को इनके सैंपल लिए थे। इसमें चार लोग पिंजौर के अब्दुल्लापुर के एक घर में रहते हैं। इसके अलावा कालका की फ्रेंड्स कॉलोनी की रहने वाली महिला भी कोरोना पॉजिटिव मिली है।
पंचकूला की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया पिंजौर के अब्दुल्लापुर के रहने वाले परिवार में पति, पत्नी, बेटे और एक रिश्तेदार में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। यह चारों लोग 4 जून को मुंबई से पिंजौर अपने घर लौटे थे। स्वास्थ्य विभाग ने रेंडम सैंपलिंग कर इस एरिया के 20 सैंपल लिए थे। सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी को एंबुलेंस से लाकर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।
यह भी पढ़ें- ‘मोम की गुड़िया’ के हीरो रवि चोपड़ा जूझ रहे कैंसर से, आर्थिक हालात खराब, सोनू सूद से मांगी मदद
भर्ती करने के साथ ही उनकी काउंसिलिंग भी की गई है। काउंसिलिंग करने के साथ उन्हें कोरोना वायरस से उबारने के हर प्रयास स्वास्थ्य विभाग की तरफ से किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा जहां से भी पॉजिटिव केस मिले हैं संबंधित क्षेत्र को कंटेंनमेंट जोन घोषित किया गया है। इनके संपर्क में रहने वाले लोगों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग लेकर कोरोना जांच करेगा।
महिला का सैंपल भी रेंडम जांच में लिया गया था। कालका की फ्रेंड्स कॉलोनी की रहने वाली महिला कोलकाता से 30 मई को अंबाला आई थी। अंबाला से घर बस के द्वारा पहुंची। फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित मकान में 4 जून को महिला का भी सैंपल लिया गया था। सैंपल लिए जाने के बाद जब इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो इन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किए जाने के साथ ही उनकी काउंसिलिंग की जा रही है। काउंसलिंग किए जाने के साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।
सीएमओ ने की लोगों से अपील
पंचकूला के सीएमओ डॉक्टर जसजीत कौर ने लोगों, रेजिडेंट वेलफेयर से अपील करते कहा है कि अगर कोई भी बाहर से सफर करके आता है तो इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और वहां के रहने वाले लोग दे सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग उसके सैंपल लेकर जांच करेगी। जांच करने के साथ ही उसे कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक करना हमारा लक्ष्य है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तत्पर है। विभाग इस पर तेजी से काम कर रहा है। पंचकूला में अब तक 33 केसों की पुष्टि हुई है। इसमें से 26 केस ठीक हो चुके हैं।