ऑटो सवार बुजुर्ग महिला से झपटमारी, पुलिस जांच में जुटी
चंडीगढ़। सेक्टर-19/27 की डिवाइडिंग रोड पर शुक्रवार दोपहर करीब 65 वर्षीय महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी कि एक ऑटो चालक ने उसका बैग छीन लिया है और फरार हो गया है, जिसके तुरंत बाद पीसीआर और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बुजुर्ग महिला की पहचान जीरकपुर निवासी चरणजीत कौर के रूप में हुई। चरणजीत ने पूछताछ में बताया कि वह जीरकपुर से चंडीगढ़ के सेक्टर-19 के लिए ऑटो में सवार हुई थी। उनके पास कपड़ों और पैसों से भरा एक बैग था, लेकिन जब वह उक्त डिवाइडिंग रोड पर ऑटो से उतरी तो उनके पास से बैग गायब था। पुलिस ने पूछताछ के बाद मामला झपटमारी का नहीं होना बताया। पुलिस कयास लगा रही है कि चरणजीत कौर ऑटो से उतरते समय बैग उठाना भूल गई। पुलिस ने महिला से ऑटो का नंबर जानना चाहा तो उन्होंने बताया की वह नंबर नोट नहीं कर सकी। फिलहाल पुलिस उक्त डिवाइडिंग रोड पर चरणजीत कौर को छोड़कर गए ऑटो चालक की तलाश में हैं, ताकि असल घटना का पता चल सके।