{"_id":"6affc183b8fa347a560a8326","slug":"cgst-superintendent-arrested-in-panchkula-bribe-caught-by-cbi-2026-11-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंचकूला में सीजीएसटी सुपरिंटेंडेंट गिरफ्तार: 30 करोड़ फर्जी बिलिंग मामले में मांगे थे 50 लाख, सीबीआई ने पकड़ा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पंचकूला में सीजीएसटी सुपरिंटेंडेंट गिरफ्तार: 30 करोड़ फर्जी बिलिंग मामले में मांगे थे 50 लाख, सीबीआई ने पकड़ा
Fri, 20 Nov 2026 09:13 AM IST
Nivedita
अमर उजाला/संवाद, चंडीगढ़/पंचकूला
अमर उजाला/संवाद, चंडीगढ़/पंचकूला
Published by: Nivedita
Updated Fri, 20 Nov 2026 09:13 AM IST
सार
पानीपत की स्क्रैप कंपनी के खिलाफ 30 करोड़ के फर्जीवाड़े की जांच चल रही थी। इसी में कार्रवाई से बचाने के लिए सीजीएसटी सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार ने 50 लाख की रिश्वत मांगी थी। इसके बाद पंचकूला सेक्टर-25 के जीएसटी कार्यालय में सीबीआई ने ट्रैप लगाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। , 25 लाख में तय हुआ था सौदा;
विज्ञापन
सीबीआई
- फोटो : ANI
विस्तार
30 करोड़ रुपये तक की कथित फर्जी जीएसटी बिलिंग में कार्रवाई से बचाने और भारी जुर्माने से राहत देने के बदले 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगने वाले सीजीएसटी सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार को सीबीआई ने 10 लाख रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
बुधवार को पंचकूला के सेक्टर-25 के जीएसटी कार्यालय में सीबीआई ने जाल बिछाया। अधिकारी ने रिश्वत की पहली किस्त स्वीकार की तो टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
विज्ञापन
सीबीआई के अनुसार, पानीपत की स्क्रैप कारोबारी कंपनी बीएम सेल्स के पार्टनर शुभम ने शिकायत दी थी। कंपनी के खिलाफ 25 से 30 करोड़ रुपये की कथित फर्जी जीएसटी इन्वॉयस और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के गलत लाभ से जुड़ी जांच चल रही थी। आरोप है कि सुपरिंटेंडेंट ने कार्रवाई में राहत देने, भारी जुर्माना नहीं लगाने और अतिरिक्त डिमांड नोटिस जारी नहीं करने के बदले 50 लाख रुपये मांगे थे।
विज्ञापन
शिकायत मिलने पर सीबीआई ने 19 नवंबर को मामला दर्ज कर रिश्वत की मांग का सत्यापन किया। शुरुआती बातचीत में रकम 20 लाख करने की बात हुई लेकिन बाद में 25 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये देने थे। शिकायतकर्ता के रकम लेकर कार्यालय पहुंचते ही सीबीआई ने ट्रैप लगाकर अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी बिलिंग की जांच भी जारी
सीबीआई अब रिश्वतखोरी में अन्य लोगों की भूमिका और कथित फर्जी बिलिंग की जांच कर रही है। जीएसटी कानून की धारा 122 के तहत गलत आईटीसी लेने पर टैक्स, ब्याज और पेनल्टी वसूली का प्रावधान है। गंभीर मामलों में धारा 132 के तहत पांच साल तक की सजा हो सकती है।
