चंडीगढ़। बटाला में एक पत्रकार को विधायक के इशारे पर पीटने और गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाते हुए इस मामले की सीबीआई से जांच करवाने की पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से अपील की गई है। हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच की मांग पर पंजाब सरकार, सीबीआई और अन्य प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया है। साथ ही पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का बटाला के एसएसपी को आदेश दिया है। रमेश कुमार ने याचिका दाखिल करते हुए बताया कि वह स्टिंग ऑपरेशन अखबार के लिए रिपोर्टर के रूप में काम कर रहा है। वह बटाला के विधायक अमनशेर सिंह कलसी के कार्यालय के सामने स्थित एक पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के चलते भूख हड़ताल पर बैठा था। याची ने आरोप लगाया कि कलसी ने उसे और भूख हड़ताल पर बैठे अन्य लोगों को खुलेआम धमकाया था।
इस बारे में याची ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को भी पत्र लिखा था, जिसने अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। याची ने आरोप लगाया कि अक्तूबर में कलसी के कहने पर पांच अज्ञात लोगों ने उसे बेरहमी से पीटा और उसे कई चोटें आईं। याचिका में कहा गया है कि जब उन्होंने विधायक का नाम लिया था, तब एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पुलिस ने विधायक के करीबी बताए गए एक व्यक्ति के बयान के आधार पर याची के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। ऐसे में याची ने मामले की सीबीआई जांच और खुद तथा परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है।