शोर मचाता रहा घायल: सड़क पर गिरा बाइक सवार, मदद को आगे आए दो 'मददगार' उसकी मोटरसाइकिल लेकर हो गए फरार
विक्की ने बताया की वह काम करके रात को घर लौट रहा था, रास्ते में बाइक फिसलकर गिर गई। वहां खड़े दो लोग मदद करने की बजाए उसकी मोटरसाइकिल स्टार्ट करके भाग गए।
विस्तार
हरियाणा के पलवल स्थित रसूलपुर चौक के पास शराब ठेके के नजदीक सड़क हादसे के बाद गिरी मोटरसाइकिल को दो युवक उठाकर ले गए। बाइक मालिक के अनुसार, वह संभल पाता, इससे पहले दोनों युवक उसकी मोटरसाइकिल स्टार्ट कर स्कूटी के साथ मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सड़क पर फिसल कर गिर गई थी बाइक
न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी विक्की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बिजली का काम करता है। सोमवार की रात करीब 11 बजे पंचवटी अपार्टमेंट निवासी परिचित ने इन्वर्टर खराब होने की सूचना दी थी। वह अपनी मोटरसाइकिल से इन्वर्टर ठीक करने गया था। काम खत्म करने के बाद रात करीब 12 बजे घर लौटते समय रसूलपुर चौक के पास उसकी बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिर गया।
घायल की जगह बाइक उठाकर हो गए फरार
पीड़ित के अनुसार, वहां पहले से स्कूटी लेकर खड़े दो युवक उसके पास आए। दोनों ने उसकी बाइक उठाई और उसे स्टार्ट कर अपने साथ ले गए। उसने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन रात होने के कारण मौके पर कोई नहीं था।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों और मोटरसाइकिल की तलाश शुरू कर दी है।