हथीन। गांव घुड़ावली के पांच लोगों ने पुलिस अधीक्षक एवं विजिलेंस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनके नाम से पीएम किसान सम्मान निधि की किश्तें निकाली जा रही हैं। जबकि, उन्होंने कभी भी सम्मान निधि के लिए कोई आवेदन ही नही किया है। जालसाजों ने फर्जी दस्तावेज बनाकर नंबरदार के फर्जी हस्ताक्षर एवं पटवारी की मोहर बनवाकर सम्मान निधि हड़पने का घोटाला किया हुआ है। संबंधित किसानों की शिकायत को पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लिया है। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा के सब इंस्पेक्टर जवाहर सिंह को सौंपी है।
जवाहर सिंह ने संबंधित किसानों नियाज मोहम्मद, हारुन, मोहम्मद साबिर, कृष्ण कुमार एवं शाहरुख को बुलाया एवं उनके बयान दर्ज किए। गांव घुड़ावली के नंबरदार आजम खान ने बताया कि घुड़ावली गांव के 22 ऐसे लोगों के नाम से पीएम सम्मान निधि की धनराशि निकाल कर हड़पी जा रही है। संबंधित 22 लोगों के पास कृषि भूमि नहीं है। इन सभी 22 लोगों के नाम के फर्जी दस्तावेज बनाकर जालसाज ने किसान सम्मान निधि बनवा ली है। नंबरदार का आरोप है कि यह सब जालसाजी एक सीएससी सेंटर संचालक द्वारा की जा रही है। जांच अधिकारी जवाहर सिंह ने बताया कि किसानों के बयान के साथ-साथ जिन बैंक खातों में निधि आ रही है, उनमें दर्ज मोबाइल नंबर भी लेकर जांच की जा रही है। कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग से भी रिपोर्ट ली जा रही है। इस मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।