पलवल। दिल्ली से फरीदाबाद के रास्ते बनाए जा रहे मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर चल रहा धरना बुधवार को स्थगित कर दिया गया। गांव सहराला में अंडरपास की मांग के लिए पिछले छह दिनों से धरना दे रहे किसानों ने एसडीएम वैशाली सिंह के आश्वासन के बाद धरना स्थगित कर दिया। एसडीएम वैशाली सिंह और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी धीरज सिंह ने किसानों से अंडरपास बनाने की प्रक्रिया के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। किसानों ने प्रशासन को एक माह का समय दिया है। यदि एक माह में कार्य शुरू नहीं हुआ तो किसान दोबारा धरने पर बैठेंगे।
दरअसल, फरीदाबाद से पलवल जिले में प्रवेश कर रहे दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गांव गदपुरी, सोफ्ता, हरफली, सहराला, कलवाका, जैंदापुर, अतरचटा, किशोरपुर सहित अन्य गांव पड़ते हैं। गांव सहराला के ग्रामीण खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर अंडरपास की मांग के लिए धरना पर बैठे थे। बुधवार सुबह एसडीएम और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना अधिकारी ने किसानों के साथ वार्ता की। वार्ता के दौरान किसानों को आश्वासन दिया गया कि अगले एक सप्ताह के अंदर अंडरपास बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। राजमार्ग प्राधिकरण ने इस बारे में मंजूरी देने का भरोसा दिया। किसान व निवर्तमान सरपंच सतबीर सिंह, पूर्व सरपंच राजन, डिप्टी सिंह, जसवीर सिंह, तीरथराज, सुखबीर, राजबीर सिंह, मुखत्यार सिंह ने बताया कि यदि जनवरी माह में अंडरपास का का कार्य शुरू नहीं हुआ तो एक फरवरी से दोबारा धरना शुरू कर दिया जाएगा। एसडीएम वैशाली सिंह ने बताया कि इस बारे में अगले दो दिनों में पत्राचार शुरू कर दिया जाएगा। एक महीने के अंदर अंडरपास बनाने का काम शुरू होगा।