पलवल। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को तीन दिवसीय पोलियो उन्मूलन अभियान का शुभारंभ किया गया। विधायक दीपक मंगला ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान प्रभारी डिप्टी सीएमओ डॉ. रेखा सिंह ने लोगों को पोलियो की दवा के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि बच्चों को पोलियो से बचाने के लिए दवाई पिलानी बेहद आवश्यक है। पहले दिन 10,2,342 बच्चों ने ‘दो बूंद जिंदगी की’ दवा गटकी।
जिले के विभिन्न स्थानों पर रविवार को शिविर लगाकर पोलियो की दवाई पिलाई गई, जो बच्चे दवाई से वंचित रह जाएंगे, उन्हें सोमवार और मंगलवार को घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। जिला नागरिक अस्पताल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सभी स्वास्थ्य केंद्रों, नगर परिषद कार्यालय सहित अन्य स्थानों पर शिविर लगाए गए। इनके अलावा गांवों में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोलियो की दवा पिलाई गई। वहीं, होडल में भारत स्काउट एंड गाइड के स्वयंसेवकों ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत शहर के विभिन्न चौराहों पर पोलियो की दवा पिलाई। संस्था के जिला संगठन आयुक्त योगेश सौरोत ने बताया कि उपमंडल नागरिक अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार के निर्देशन में तीन दिवसीय पोलियो उन्मूलन अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान में संस्था के दयाल ओपन ग्रुप के इंचार्ज प्रभुदयाल हंस के नेतृत्व में राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय के स्वयंसेवक पुष्पेंद्र, कार्तिक, राशिद, सूरज, निर्भय आदि द्वारा शहर के बस स्टैंड, पुन्हाना मोड़, सब्जी मंडी सहित अन्य चौराहों पर लोगों को पोलियो अभियान के प्रति जागरूक किया गया।