रेवाड़ी-फुलेरा रेलमार्ग पर एलसी नंबर 26 पर बने अंडरपास में जलभराव होने से गांव अटेली बेगपुर की महिलाओं ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन कर स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
बता दें कि एक पखवाड़े पहले हुई बारिश का पानी अंडरपास में अभी तक भरा हुआ है। जिसके कारण ग्रामीणों को हर पल परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। मजबूरी वश पानी से गुजर कर आना-जाना पड़ रहा है। इस अंडरपास से पैदल निकलना तो दूर की बात वाहनों को आवागमन करने में भी परेशानियां उत्पन्न हो रही है। ग्रामीण उदय भान, रिछपाल सिंह, राकेश कुमार, सुनील कुमार, सुशीला देवी, सुमित्रा देवी, कृष्णा देवी, मुकेश देवी, भतेरी देवी, राज बाला, ओम प्रकाश, अशोक कुमार, प्रमोद कुमार, महेंद्र सिंह, वेद प्रकाश, संदीप कुमार, सुशील कुमार ने बताया कि एलएनटी कंपनी द्वारा बनाए गए अंडरपास में कई प्रकार की अनियमितताएं बरती गई हैं। ग्रामीणों द्वारा उच्च अधिकारियों को बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी यह समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। इसलिए ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग करते हुए कहा कि इस समस्या से तुरंत प्रभाव से छुटकारा दिलाया जाए। जिससे ग्रामीणों को आवागमन व अपने खेत खलिहान में जाने में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो सके। लोगों का कहना है कि गांव में अगर अंतिम संस्कार में जाना होता है तो रेलवे लाइन के ऊपर से जाना पड़ता है। इस विषय में जब रेलवे विभाग के श्याम सुंदर सिसोदिया सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने बताया कि अंडरपास में टेक्निकल कर्मियों के कारण इस प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। विभाग को लिखित शिकायत देकर अवगत करवाया जा चुका है। जल्द ही इन समस्याओं का निदान किया जाएगा।