सतनाली(महेंद्रगढ़)। गांव बारड़ा में शहीद हवलदार राकेश कुमार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। सरपंच प्रतिनिधि कृष्ण कुमार ने बताया कि हवलदार राकेश 21 ग्रेनेडियर बटालियन पश्चिम बंगाल के पानागढ़ आर्मी कैंप में तैनात थे। 26 अक्तूबर को सुबह 10 बजे पानागढ़ से कोलकाता जाते समय रास्ते में फौज की एंबुलेंस दुर्घटना ग्रस्त हो गई थी, जिसमें हवलदार राकेश के अलावा 5 जवान घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। चिकित्सकों ने हवलदार राकेश को मृत घोषित कर दिया था।
शनिवार सुबह शहीद हवलदार राकेश का पार्थिव शरीर गांव में पहुंचा। जहां पर ग्रामीणों ने शहीद को नम आखों से अंतिम विदाई दी। हवलदार राकेश पिछले 22 सालों से अपनी सेवाएं दे रहे थे। गत 25 अगस्त को अवकाश समाप्त करके ड्यूटी पर गए थे। हवलदार राकेश अपने पीछे एक बेटी व एक बेटे को छोड़ गए। वर्ष 1971 में पहली शहादत हुई थी, जिसके बाद यह दूसरी शहादत गांव में हुई है। इन्फेंट्री बटालियन के नायब सूबेदार बलकरण व 10 जवानों की टुकड़ी ने शहीद हवलदार राकेश का शहीद सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। इस दौरान थाना प्रबंधक निरीक्षक मुकेश कुमार, पंचायत विभाग से एसईपीओ प्रवीण कुमार, करतार सिंह, सुरेश, पूर्व सरपंच दयाचंद, सत्यवान, पवन, हरि किशन आदि मौजूद रहे।