नारनौल। व्यक्ति का अपहरण कर मारपीट करने और दस लाख की रंगदारी मांगने के मामले में नांगल चौधरी थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उक्त लोगों ने नांगल चौधरी क्षेत्र में नंगली बॉर्डर पर बने होटल से एक व्यक्ति को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने और उसके साथ मारपीट कर दस लाख रुपये मांगने की वारदात को अंजाम दिया था।
इसकी शिकायत विनय निवासी मंडलाना (आकोली) ने नांगल चौधरी थाना पुलिस को दी थी। शिकायत में उसने बताया कि 18 दिसंबर 2022 को शाम के समय वह नंगली बॉर्डर पर बने होटल पर खाना खाने गया था। उसी समय बिरजू, जागे व राजू काना होटल पर आए और कहा कि हमारे साथ चल ठेके पर चलना है। शिकायतकर्ता के मना करने पर आरोपियों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया और मारपीट करते हुए राजू काना के ऑफिस पर ले गए। जहां पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट कर दस लाख रुपये मांगे। पैसे देने से मना करने पर उन्होंने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट कर गांव को बनी में गिरा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। शिकायतकर्ता ने तीन नामजद के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करा कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने एक आरोपी राजू काना निवासी सुराना को पहले गिरफ्तार किया था, जिससे पूछताछ में पुलिस ने आरोपियों द्वारा वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी बरामद की गई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात को अंजाम देने में शामिल दो ओर आरोपियों बिजेंद्र उर्फ बिरजू निवासी भुंगारका और निखिल उर्फ जागे निवासी नेहरू नगर नांगल चौधरी को गिरफ्तार किया है। जिनसे पूछताछ कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।