कनीना। कनीना में फीड मील के मालिक से दस लाख की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने 3 और आरोपियों को कनीना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद व सज्जन निवासी खरखड़ा बास और सोमदत्त निवासी खैरोली के रूप में हुई है। आरोपियों ने 26 अगस्त को कनीना के फीड मील मालिक से फोन पर दस लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि सौरभ निवासी कनीना ने थाना शहर कनीना में शिकायत दर्ज कराते हुए 26 अगस्त को दोपहर बाद उसके पास फोन आया कि पपला गुर्जर के नाम पर 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग का आरोप अज्ञात पर लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। एसपी के दिशा निर्देशों में काम करते हुए पुलिस टीम ने 27 अगस्त को विक्रम उर्फ पपला को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपित से सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में पुलिस ने पता लगाया कि आरोपी विक्रम उर्फ पपला ने ही अपने साथी को फिरौती मांगने बारे कहा था। आरोपी सोमदत्त, विनोद और सज्जन ने मिलकर योजना बनाई और आरोपी सज्जन ने फीड मिल के मालिक के पास फोन कर दस लाख की फिरौती मांगी। पुलिस द्वारा आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है।