निजामपुर। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धौलेड़ा में बच्चे पढ़ाई के साथ खेती का हुनर भी सीख रहे हैं। स्कूल में बने मिड-डे मील किचन गार्डन की जिम्मेदारी खुद विद्यार्थी संभाल रहे हैं। बच्चे अपनी मेहनत से उगाई सब्जियों का इस्तेमाल मिड-डे मील में करते हैं।
स्कूल की प्राचार्या अनिता दहिया की पहल पर शुरू किए गए इस रसोई उद्यान में बैंगन, टमाटर, घिया, हरी मिर्च समेत कई तरह की जैविक सब्जियां उगाई जा रही हैं। प्राचार्या ने बताया कि स्कूल में पहली से आठवीं तक की छात्राओं को इसी गार्डन की ऑर्गेनिक सब्जियां परोसी जाती हैं।
इतना ही नहीं, धौलेड़ा क्षेत्र के पांच प्राथमिक स्कूलों में भी ऐसे किचन गार्डन तैयार किए गए हैं। स्कूल प्रशासन ने गार्डन की देखरेख के लिए शिक्षकों की जिम्मेदारी तय की है। मिड-डे मील इंचार्ज भूपसिंह और डीपीई सनीपाल यादव बच्चों को बेहतर भोजन उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।