हरियाणा, राजस्थान, एनसीआर दिल्ली में फिर से मौसम में बदलाव आएगा। यहां का मौसम अचानक गतिशील एवं परिवर्तनशील होने वाला है।
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 24 तारीख से मौसम फिर से करवट लेगा क्योंकि तीसरी बार ब्रेक मानसून की स्थिति बन रही है। मानसून का ट्रफ वापस हिमालय की तराई क्षेत्र में जाने वाला है जो लगभग एक हफ्ता या अधिक रहने की संभावना है। इस दौरान केवल तराई क्षेत्रों में ही बारिश होगी। 24 तारीख से फिर से हरियाणा, एनसीआर क्षेत्र दिल्ली, राजस्थान में फिर से गर्मी और उमस चरम होगी, क्योंकि पछुआ पवनें फिर से इस इलाके को शुष्क एवं गर्म कर देगी। माह के अंत या सितंबर के शुरू में मौसमी सिस्टम बनने की संभावनाएं बन रही है जिससे क्षेत्र में एक बार फिर से मानसून सक्रिय होकर मेहरबान हो सकता है। ऐसी संभावनाएं बन रही हैं कि एक बार फिर मानसून सक्रिय होकर वर्षा का एक और स्पेल लग सकता है। क्षेत्र को एक बार फिर से मानसूनी बारिश से सराबोर कर सकता है। नोडल अधिकारी ने बताया कि दोपहर बाद एक चक्रवातीय सिस्टम बना जिसकी वजह से हवाओं का रुख भिवानी और विशेषकर महेंद्रगढ़ की तरफ हो गया। जिसकी वजह से महेंद्रगढ़ जिले पर कहीं हल्की-फुल्की कही मध्यम तो कहीं भारी बारिश हुई। महेंद्रगढ़ जिले में अलग-अलग स्थानों पर कहीं हल्की तो कहीं मूसलाधार बारिश हुई। जिले में लगभग 15-25 एमएम तक बारिश हुई। सोमवार को भी दिन भर बादल छाए रहें, परंतु बारिश की कोई संभावना महेंद्रगढ़ जिले पर नजर नहीं आई। अभी मानसून एनसीआर क्षेत्र पर ही है और हरियाणा के उत्तरी जिले अंबाला, यमुनानगर कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, पानीपत पर कहीं-कहीं हल्की एवं मध्यम बारिश चल रही है।