यूक्रेन से घर लौटी हुडा सेक्टर निवासी छात्रा अनमोल शर्मा और उनके परिजनों से रविवार को प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव ने मुलाकात की। छात्रा अनमोल शर्मा ने राज्यमंत्री को बताया कि रूस के हमले से यूक्रेन में हालात काफी खराब हैं। यूक्रेन स्थित शिक्षण संस्थान से हम भारतीय छात्र जिस बस में चले थे उस पर तिरंगा लगा रखा था। बस के अंदर तेज आवाज से भारत का राष्ट्रगान बजा रहे थे, जिसको सुनकर व तिरंगा देखकर रूसी सेना ने हमें सेल्यूट किया, जिससे हमें अंदर से हिम्मत मिली और हमें लगा कि हमारी भारत सरकार द्वारा की जा रही पैरवी कामयाब होगी। हम सकुशल अपने वतन लौट आए।
अनमोल शर्मा, उसकी माता आशा शर्मा, पिता बजरंग लाल शर्मा ने राज्यमंत्री का आवास पर पहुंचकर हालचाल जानने पर आभार जताया और कहा कि वे संकट की इस घड़ी में हमेशा उनके संपर्क में रहे और हौसला बढ़ाने के साथ मदद का कार्य किया। राज्यमंत्री ने बताया कि भारतीय छात्र-छात्राओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चिंतित हैं और केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की गंभीरता के चलते इतनी बड़ी संख्या में भारतीय छात्र-छात्राओं को वहां से निकालने में सफलता मिली है। अभी सरकार इसी प्रयास में लगी हुई है। हालात को देखकर पहले ही केंद्र सरकार द्वारा एडवाइजरी जारी कर दी गई थी और लगातार केंद्रीय राज्य विदेश मंत्री मीनाक्षी लेखी हर रोज रिपोर्ट ले रही हैं। राज्यमंत्री ने यूक्रेन मामले को लेकर बयानबाजी करने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वक्त राजनीति करने का नहीं है, बल्कि यूक्रेन में फंसे छात्र-छात्राओं व उनके परिजनों का हौसला आफजाई करने का है। केंद्र सरकार की रणनीति के चलते अधिकतर छात्र-छात्राओं को वहां से निकाला जा चुका है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में हालात बिगड़ने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पल-पल यूक्रेन व रूस में भारतीय दूतावास के अधिकारियों से रिपोर्ट ले रहे हैं और कई केंद्रीय मंत्री अलग-अलग जिम्मेदारी से यूक्रेन मामले को नजदीकी से देख रहे हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार प्रयास में लगी हुई है कि प्रत्येक भारतीय की वापसी हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और सरकार को इसमें काफी हद तक सफलता मिली है।