नारनौल। सिरोही बहाली टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ और मारपीट के तीन आरोपियों को पुलिस ने तीन दिन के रिमांड के बाद वीरवार को न्यायालय में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से डंडे बरामद किए गए। पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपियों ने टोल पर पचास हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। न देने पर तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया था। मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुुुमार ने बताया कि अनिल कुमार निवासी बुढवाल हाल हुड्डा सेक्टर नारनौल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह टोल प्लाजा सिरोही बहाली पर शिफ्ट इंचार्ज है। उसने बताया कि वह अन्य कर्मचारियों के साथ टोल पर ऑफिस में बैठा हुआ था, तभी राहुल वासी बांसूर ने फोन करके उसको टोल पर बुलाया। इतनी देर में तीन बोलेरो से आए युवको ने लाठी, डंडों और सरियों से हमला कर दिया। अन्य कर्मचारी बचाने के लिए आए तो ये लोग भाग गए। शिकायतकर्ता की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कर्मपाल उर्फ कर्मा वासी ढाणी जाजमा, राहुल वासी शाहपुर थाना बांसूर जिला अलवर राजस्थान और आशीष वासी नांगल नूनिया को 3 मई को नारनौल क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसी दिन कोर्ट में पेश किया गया जहां पर उन्हें तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला। रिमांड के बाद वीरवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उनको जेल में भेज दिया।