गांव भोजावास स्थित पीएचसी का वीरवार को एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने दौरा कर सफाई, टीकाकरण अभियान की जानकारी ली। एसडीएम सुरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ अस्पताल परिसर में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की सफाई का जायजा लिया। अस्पताल परिसर में एक जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ दिखाई दिया, जिस पर मौके पर उपस्थित चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल की दीवार काफी नीचे होने की वजह से कुछ दुकानदार दीवार के ऊपर से अस्पताल परिसर में कूड़ा डाल देते हैं।
एसडीएम ने अस्पताल परिसर में कूड़ा डालने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति अस्पताल परिसर में कूड़ा डालते हुए दिखाई दे उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस दौरान उन्होंने गांव भोजावास में एससी बस्ती के पास स्थित जोहड़ा का निरीक्षण किया। ग्राम सचिव जितेंद्र ने बताया कि गांव के जोहड़ का कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा अवलोकन किया गया था। जोहड़ के साइज को बढ़ाने के लिए निरीक्षण किया गया है, ताकि इसमें अधिक से अधिक पानी को स्टोर करके रिचार्ज किया जा सके।