{"_id":"c6778ee20233c034f905f0513f9ad430","slug":"rape-and-murder-of-innocent-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"दुष्कर्म के बाद मासूम का मर्डर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दुष्कर्म के बाद मासूम का मर्डर
ब्यूरो/ अमर उजाला, नारनौल
Updated Sun, 02 Nov 2014 10:55 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चूहेदानी में बंद चूहे को छोड़ने घर से निकली मासूम का शव रविवार सुबह अटेली रेलवे स्टेशन के पास नग्न अवस्था में पड़ा मिला। बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या की बात सामने आ रही है। घटना से नाराज लोगों ने तीन घंटे तक कनीना चौक पर जाम लगाकर विरोध जताया और हत्यारों की गिरफ्तारी के बाद ही शव लेने की बात पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक बच्ची का शव एंबुलेंस से नहीं उतारा गया था।
विज्ञापन
अटेली के वार्ड-1 की चौथी कक्षा में पढ़ने वाली नौ साल की बच्ची शनिवार शाम 5.30 बजे चूहेदानी में बंद चूहे को छोड़ने घर से निकली थी और उसके बाद से लापता थी। रातभर परिजनों ने उसकी तलाश की। परिजन पुलिस के पास भी गुमशुदगी दर्ज करवाने गए। पुलिस ने 24 घंटे बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही और परिजनों को भेज दिया। रविवार सुबह मासूम बच्ची का शव रेलवे स्टेशन के पास नग्न अवस्था में मिला। प्राथमिक दृष्टि से लग रहा है कि बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है।
विज्ञापन
घटना से नाराज अटेली कस्बे लोगों ने तीन घंटे नारनौल-रेवाड़ी-कनीना-बहरोड़ रोड जाम कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल नारनौल पहुंची तो परिजनों ने एसपी के सामने पुलिस को जमकर कोसा। एसपी ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलवाकर बच्ची का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव वापस कस्बे में पहुंचा तो लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बिना अंतिम संस्कार न करने की बात कही और धरने पर बैठ गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कस्बा पुलिस छावनी में तबदील हो गया है।
विज्ञापन
रातभर की तलाश, मिली तो लाश
परिजन रातभर बच्ची को ढूंढने में लगे रहे। शनिवार रात करीब 11 बजे पुलिस परिजनों के पास घर जरूर पहुंची थी। रविवार सुबह करीब 7.00 बजे एक कूड़ा बीनने वाले महिला ने रेलवे स्टेशन के पीछे बच्ची का शव पड़ा की सूचना पुलिस को मिली। परिजन भी वहां पहुंचे तो बेटी को नग्न अवस्था में देख भौचक्के रह गए। उसके कपड़े नजदीक ही आक के पौधे पर पड़े थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और सामान्य अस्पताल नारनौल में पोस्टमार्टम के लिए लेकर पहुंची।
उधर, बच्ची का शव दयनीय हालत में मिलने से खफा अटेली कस्बे के लोग जमा हो गए और नारनौल-रेवाड़ी-कनीना-बहरोड़ रोड के चौराहे पर जाकर जाम लगा दिया। इस जाम में स्थानीय विधायक संतोष यादव भी पहुंची और उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। जाम की सूचना मिलने पर एसपी बलवान सिंह राणा, हेड क्वार्टर डीएसपी जयपाल सिंह, कनीना डीएसपी हंसराज और महेंद्रगढ़ के डीएसपी बिजेंद्र सिंह पुलिस दल के साथ पहुंचे। उन्होंने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। तब जाकर तीन घंटे बाद जाम खुला।
पुलिस मुस्तैद होती तो न होती अनहोनी
सामान्य अस्पताल में चिकित्सकों का बोर्ड पोस्टमार्टम प्रक्रिया चल रही थी। उसी समय परिजन और अटेली कस्बावासियों ने एसपी बलवान सिंह से कहा कि, साहब! आपकी पुलिस मुस्तैद होती तो शायद घटना नहीं होती। उनके पास थाने में शिकायत लेकर गए तो ढूंढने की बजाय 24 घंटे बाद गुमशुदगी दर्ज करवाने की बात कही। किसी पुलिसकर्मी ने बच्ची को ढूंढने का प्रयास नहीं किया। परिजनों की बात सुनने के बाद एसपी ने स्पष्ट कहा कि इस मामले की भी जांच होगी। इसमें जितने भी पुलिस कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद लोग कुछ शांत हुए।
गिरफ्तारी की मांग पर अड़े लोग
दोपहर बाद पुलिस बच्ची का शव लेकर वापस अटेली पहुंची तो नाराज चल रहे कस्बावासियों ने फिर से जाम लगाने की कोशिश की। अटेली कस्बा पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। हजकां नेता और पूर्व विधायक नरेश यादव भी पीड़ित परिजन के घर पहुंचे। उन्होंने घर पर ही धरना देकर बैठते हुए कहा कि जब तक आरोपियों को पकड़ा नहीं जाएगा, बच्ची का अंतिम संस्कार नहीं होगा। इसके बाद मौके पर एसपी बलवान सिंह पहुंचे और उन्होंने समझाने का प्रयास किया। किंतु कस्बावासी नहीं माने। इस बात को देखते हुए पीड़ित के घर के बाहर खड़ी एंबुलेंस में रखे शव के चारों ओर बर्फ लगा दी। समाचार लिखे जाने तक लोग धरने पर बैठे थे और पुलिस प्रशासन परिजनों को अंतिम संस्कार करवाने के लिए मनाने में जुटा हुआ था।