राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में 26 जनवरी को उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में मुख्यातिथि एसडीएम विश्राम कुमार मीणा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तथा परेड की सलामी लेंगे। इस बार स्वतंत्रता सेनानियों को उनके घर पर ही सम्मानित किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की प्रथम रिहर्सल के दौरान उपाधीक्षक सुदेश पूनिया ने कहा कि समारोह में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों की जानकारी दी जाएगी। इस बार कोविड-19 के तहत बरती जाने वाली सावधानियों को ध्यान में रखकर यह पर्व मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के प्रवेश द्वार पर सैनिटाइजर की उपलब्धता रहेगी। कार्यक्रम में मास्क व सामाजिक दूरी का ध्यान रखें। कोरोना संक्रमण के चलते राष्ट्रीय पर्व पर प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को स्थगित किया जाएगा। केवल पुलिस डिपार्टमेंट, एनसीसी सीनियर की परेड का मार्च पास्ट ही होगा। कोरोना संक्रमण के चलते स्वतंत्रता सेनानियों को घर पर ही सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर उपाधीक्षक सुदेश पुनिया ने कहा कि हरियाणा पुलिस व एनसीसी सीनियर विंग मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी देगी। 25 जनवरी को प्रात: 9 बजे मार्चपास्ट की फाइनल रिहर्सल का आयोजन मॉडल संस्कृति स्कूल में किया जाएगा। इस अवसर पर राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के इंचार्ज डॉ. ईश्वरचंद, कानूनगो प्रदीप, अंग्रेजी प्रवक्ता स्वतंत्र कुमार, मास्टर राजेश शर्मा, विरेंद्र पीटीआई, मास्टर बादल सहित अन्य उपस्थित थे।