{"_id":"6b06836c006185cce7056139","slug":"firing-and-vandalism-at-a-hotel-in-mahendragarh-glass-panes-shattered-a-scorpio-vehicle-also-targeted-2026-11-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"महेंद्रगढ़ में होटल पर फायरिंग व तोड़फोड़: स्कॉर्पियो को भी बनाया निशाना, पुलिस को मौके से मिले तीन कारतूस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महेंद्रगढ़ में होटल पर फायरिंग व तोड़फोड़: स्कॉर्पियो को भी बनाया निशाना, पुलिस को मौके से मिले तीन कारतूस
Wed, 25 Nov 2026 12:12 PM IST
Naveen
संवाद न्यूज एजेंसी, महेंद्रगढ़ (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, महेंद्रगढ़ (हरियाणा)
Published by: Naveen
Updated Wed, 25 Nov 2026 12:12 PM IST
सार
महेंद्रगढ़ के एक होटल पर बोलेरो कैंपर में आए 3-4 युवकों ने फायरिंग कर लोहे की रॉड व डंडों हमला कर दिया। इस दौरान बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी में तोड़फोड़ की। पुलिस ने मौके से एक जिंदा व दो चले हुए कारतूस बरामद किए है।
विज्ञापन
घटना की सीसीटीवी तस्वीर
- फोटो : संवाद
विस्तार
गांव कूकसी में सांवलिया सेठ के नाम से संचालित होटल पर मंगलवार रात बोलेरो कैंपर में सवार होकर आए 3-4 युवकों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपियों ने होटल में जमकर तोड़फोड़ की और लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर होटल के शीशे तोड़ दिए। आरोपियों ने होटल के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को भी निशाना बनाया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान एक जिंदा कारतूस तथा दो चले हुए कारतूस बरामद किए।
विज्ञापन
गांव डेरोली निवासी उदय सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव कूकसी में सांवलिया सेठ के नाम से होटल किया हुआ है। मंगलवार रात करीब सवा 11 बजे वह होटल के ऑफिस में बैठा था, जबकि कर्मचारी अपने काम में लगे हुए थे। इसी दौरान बोलेरो कैंपर में सवार होकर 3-4 युवक होटल पर पहुंचे। होटल पहुंचते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियां चलने से होटल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सभी ने खुद को बचाने के लिए सुरक्षित जगह ली।
विज्ञापन
इसके बाद युवकों ने होटल के ऑफिस और अन्य जगहों पर लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर दिया। तोड़फोड़ के दौरान होटल के कई शीशे टूट गए। आरोपियों ने होटल के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को भी निशाना बनाया और उसके शीशे तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी युवक उसी बोलेरो कैंपर में बैठकर फरार हो गए।
विज्ञापन
पुलिस ने मौके से तीन कारतूस किए बरामद
होटल मालिक ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को एक जिंदा कारतूस और दो चले हुए कारतूसों के खोल बरामद हुए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है।
पहले भी हो चुका है विवाद
शिकायत में होटल मालिक ने बताया कि दो दिन पहले एक शादी समारोह में होटल मालिक का कुछ अन्य युवकों के साथ विवाद हुआ था। उन्होंने आशंका जताई कि इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। होटल मालिक के अनुसार, आरोपियों के साथ उसकी किसी अन्य प्रकार की कोई बातचीत या विवाद नहीं हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
