Narnaul: नगर परिषद कार्यालय में सीएम फ्लाइंग की रेड, कई कर्मी गैर हाजिर मिले, रिकार्ड भी कब्जे में लिया
सीएम फ्लाइंग की टीम सुबह 9 बजे जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट आरसी गौड़ के नेतृत्व में नगर परिषद कार्यालय पहुंची। यहां सबसे पहले कर्मचारियों की हाजिरी चेक की गई। कई कर्मचारी मौके पर गैर हाजिर मिले। टीम ने उनका हाजिरी रिकार्ड ले लिया।
विस्तार
नारनौल में सीएम फ्लाइंग की टीम ने बुधवार को नगर परिषद कार्यालय में रेड की। इस दौरान कई कर्मचारी गैर हाजिर मिले। टीम ने काफी रिकार्ड कब्जे में भी ले लिया है। फिलहाल कार्रवाई जारी की है। सीएम फ्लाइंग की टीम सुबह 9 बजे जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट आरसी गौड़ के नेतृत्व में नगर परिषद कार्यालय पहुंची। यहां सबसे पहले कर्मचारियों की हाजिरी चेक की गई। कई कर्मचारी मौके पर गैर हाजिर मिले। टीम ने उनका हाजिरी रिकार्ड ले लिया।
टीम ने काम कराने आए लोगों से भी बातचीत की
इसके बाद टीम ने प्रॉपर्टी आईडी की फाइलों की जांच की। साथ ही वहां काम कराने आए लोगों से भी बातचीत की। टीम ने प्राॅपर्टी आईडी के दस्तावेजों को भी अपने कब्जे में ले लिया। सीएम फ्लाइंग की टीम ने लोगों से बातचीत की।लोगों ने बताया कि व कई दिनों से चक्कर लगा रहे है। इसके बाद टीम ने सफाई को लेकर जानकारी ली। टीम ने कितनी गाड़ियां चल रही है और कितनी खड़ी है। इसके अलावा सफाई के क्या प्रबंध किए हैं, उसकी जानकारी हासिल की। सफाई संबंधी रिकार्ड भी टीम ने अपने कब्जे में ले लिया।
थानेसर नगर परिषद में सीएम फ्लाइंग की रेड मचा हड़कंप
कुरुक्षेत्र नगर परिषद थानेसर में आज उस समय हड़कंप मच गया जब सीएम फ्लाइंग की टीम छापेमारी के लिए पहुंची। टीम ने परिषद के हर कार्यालय वह हर ब्रांच को खंगाला तो वही कुछ रिकॉर्ड को भी कब्जे में लिया। करीब 1 घंटा पहले शुरू हुई रेड अभी भी जारी है और सीएम फ्लाइंग के अधिकारी नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल व अन्य कर्मचारियों से फिलहाल पूछताछ भी कर रहे हैं।
निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप
हालांकि इस छापेमारी को लेकर अभी कोई बोलने को तैयार नहीं है लेकिन बताया जा रहा है कि पिछले दिनों नगर परिषद के विभिन्न कार्यों को लेकर भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते ही यह कार्रवाई की गई है यहां तक की जजपा नेता एवं थानेसर से पहले चुनाव लड़ चुके योगेश शर्मा भी नगर परिषद द्वारा घर घर से कचरा उठान से लेकर सड़कों के निर्माण कार्यों में भी भ्रष्टाचार किए जाने के आरोप लगा चुके हैं। हालांकि नगर परिषद के अधिकारी इन आरोपों को नकार चुके हैं लेकिन अब सीएम फ्लाइंग की छापेमारी इन आरोपों को जोड़कर ही देखी जा रही है।