Mahendragarh: पेड़ों से लटके मिले महिला और छह माह की बेटी के शव, ग्रामीणों ने जताई ये आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस जांच में खुलासा हो पाएगा कि महिला ने बेटी को फंदे से लटका स्वयं आत्महत्या की है या फिर किसी अन्य द्वारा हत्या कर शवों को पेड़ों पर लटकाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महेंद्रगढ़ के गांव सीगड़ी राजपूत में शनिवार की सुबह मां-बेटी के शव पेड़ों से लटकते देख सनसनी फैल गई। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पेड़ पर 24 वर्षीय प्रीति और दूसरे पेड़ पर उसकी आठ माह की बेटी मुस्कान की लाश चुन्नी के सहारे लटकते देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को उतरवाकर नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ भेजा। मृतका के पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत पति, ससुर, जेठ तथा जेठानियों पर हत्या का आरोप लगाया है। दोनों पेड़ पांच सौ मीटर की दूरी पर हैं।
पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर दो महिला सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मृतका प्रीति के पिता उत्तर प्रदेश के गांव जरतौली थाना टप्पल, अलीगढ़ निवासी ओमप्रकाश सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2015 में प्रीति की शादी गांव सीगड़ी निवासी सरजीत के साथ की थी।
शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था। शादी के कुछ समय बाद से ही प्रीति का पति, ससुर, जेठ व जेठानियों ने चार लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। हाल ही में उन्होंने 50 हजार रुपये भी दिए थे लेकिन ससुराली लगातार उसकी बेटी को प्रताड़ित करते रहे। शुक्रवार रात के समय ससुरालियों ने उसकी बेटी प्रीति और उसकी आठ माह की बेटी मुस्कान की हत्या कर दी और शवों को पेड़ों से लटका दिया।
पुलिस ने महिला के पिता की शिकायत पर महिला के पति सरजीत, ससुर रघुवीर सिंह, जेठ सतीश व बब्बू तथा दो महिलाओं के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार महिला रात के समय से ही घर से लापता थी।
सुबह जब लोगों खेतों में गए तो पहले आठ माह की मुस्कान का शव पेड़ से लटका देख 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद मृतका के पिता की शिकायत पर छह नामजदों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
मृतका के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर छह नामजदों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में जांच की जाएगी जांच के बाद जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।- उप निरीक्षक रविंद्र, सदर थाना प्रभारी महेंद्रगढ़