फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Mahendragarh/Narnaul News ›   लुहारों व व्यापारियों में झड़प, व्यापारियों ने किया मंडी का गेट बंद

लुहारों व व्यापारियों में झड़प, व्यापारियों ने किया मंडी का गेट बंद

Tue, 03 Apr 2018 01:25 AM IST
Updated Tue, 03 Apr 2018 01:25 AM IST
विज्ञापन
लुहारों व व्यापारियों में झड़प, व्यापारियों ने किया मंडी का गेट बंद
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

नारनौल।
शहर की नई मंडी में बने कुएं पर कुछ बच्चों के नहाने व कपड़े धोने को लेकर नई मंडी के व्यापारियों व बच्चों के परिजनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के चलते दोनों तरफ से एक दूसरे पर पत्थर तक बरसाए गए। मामले की शिकायत बच्चों के परिजनों ने पुलिस को दी। वहीं व्यापारियों ने इस पर नाराजगी जताते हुए मंडी के दोनों गेटों पर ताला जड़ दिया तथा वहीं धरने पर बैठ गए। प्रशासनिक अधिकारियों को जब इस पूरे विवाद का पता चला तो एसडीएम नारनौल जगदीश शर्मा व डीएसपी कनीना विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे बाद दोनों पक्षों में प्रशासन ने समझौता कराया।
नई मंडी परिसर में एक पुराना कुआं बना हुआ है। इस कुएं पर ट्यूबवेल भी लगा है। जहां पर लोग पानी भरने व नहाने धोने का काम भी करते हैं। राजकीय पीजी कालेज के पास रहने वाले कुछ लोग भी यहां से नहाने धोने का पानी भरकर ले जाते हैं तथा कई बच्चे यहीं पर ही नहा लेते हैं। सोमवार को भी यहां पर कुछ बच्चे सुबह करीब दस बजे नहाने के लिए आये थे। इनमें दो युवक व एक युवती थी। व्यापारियों के अनुसार ये यहां पर कई देर से पानी वेस्ट कर तेज-तेज बोल रहे थे। इस पर कुछ व्यापारियों ने इसका विरोध किया तथा उन्हें यहां ऐसा करने से मना किया। व्यापारियों की मानें तो जब उन्होंने ऐसा किया तो दोनों बच्चे उनसे लड़ाई करने लगे। आरोप है कि व्यापारियों ने दोनों बच्चों से मारपीट की। इस पर उनके साथ युवती ने इसका विरोध किया तो व्यापारियों ने युवती से भी बदतमीजी की। इसके बाद तीनों वहां से बाहर आ गए और बात जाकर अपने परिजनों को बताई। इस पर युवकों के परिजन व अन्य लोग एकत्र हो गए।
विज्ञापन

व्यापारियों पर किया पथराव
सुबह करीब साढ़े दस बजे बच्चों के परिजनों ने एकत्र होकर नई मंडी के व्यापारियों पर पथराव कर दिया। पथराव होता देख वहां पर मौजूद व्यापारियों ने भी उल्टे उन पर पथराव किया। इस पर उनके साथ झड़प तेज हो गई। पत्थरबाजी होती देख मंडी के कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों का शटर डाउन कर अपने आप को अंदर बंद कर लिया। हालांकि इस पत्थरबाजी में कोई घायल नहीं हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस को की शिकायत
पत्थरबाजी के बाद बच्चों के परिजन तुरंत अस्पताल परिसर में बनी चौकी पर पहुंच गए। जहां पर उन्होंने व्यापारियों के विरोध में शिकायत भी पुलिस को दी। जिस पर पुलिस कर्मी मंडी में व्यापारियों के पास गए और मामले की जानकारी ली। वहीं दूसरी ओर व्यापारी मंडी के दोनों गेटों पर ताला लगाकर धरने पर बैठ गए।

सूचना मिलते ही पहुंचे एसडीएम
व्यापारियों व दूसरे पक्ष के बीच हुई झड़प की सूचना मिलते ही एसएचओ रणजीत, महिला थाना प्रभारी मीनाक्षी व एसडीएम जगदीश शर्मा भारी पुलिस बल साथ लेकर मौके पर पहुंच गए।
दूसरे पक्ष के लोग तथा व्यापारी मार्केट कमेटी के चेयरमैन जेपी सैनी के कार्यालय में चले गए। जहां पर दोनों के बीच करीब दो घंटे विवाद चला। यहां पर एसडीएम जगदीश शर्मा, डीएसपी कनीना विनोद कुमार व महिला थाना प्रभारी मीनाक्षी भी मौजूद थी। जहां पर दोनों पक्षों में कई देर तक आरोप प्रत्यारोप का दौर चला। जिसके बाद मार्केट कमेटी के चेयरमैन जेपी सैनी की अगुवाई में एक दो दिन बाद उपायुक्त से मिलकर दोनों पक्षों की समस्याओं का समाधान करवाने का आश्वासन देकर दोनों पक्षों को शांत कराया गया।

एक बजे खोला गया मंडी गेट का ताला
दोनों पक्षों में सहमति हो जाने के बाद करीब एक बजे मंडी गेट का ताला भी व्यापारियों ने खोल दिया। जिसके बाद मंडी में काम सुचारु रूप से चला।

मार्केट कमेटी के चेयरमैन से यहां मंडी में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए बोला गया है। व्यापारियों व दूसरे पक्ष के लोगों की बात फोन पर डीसी मैडम से करा दी गई है। दोनों पक्षों को शांत कर दिया गया है।

- जगदीश शर्मा, एसडीएम, नारनौल

एक-दो दिन में व्यापारियों व दूसरे पक्ष के लोगों को उपायुक्त से मिलवाया जाएगा। जिसके के बाद समस्या का जो भी समाधान होगा, उसे हल कर दिया जाएगा। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से मामला शांत करा दिया गया है।
- जेपी सैनी, चेयरमैन मार्केट कमेटी नारनौल।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed