नारनौल। सीएम फ्लाइंग और सीआईडी की टीम ने शुक्रवार की शाम साढ़े छह बजे नसीबपुर गांव में तीन खाद-बीज की दुकानों पर छापा मारा। आरोप हैं कि दुकानदार बिना लाइसेंस खाद बेच रहे थे। कृषि विभाग तीनों पर आगामी कार्रवाई में जुुट गया है।
सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि नसीबपुर गांव में अवैध रूप से खाद की बिक्री की जा रही है। इसके बाद टीम शाम करीब साढे़ छह बजे बीज की दुकानों पर छापा मारा। टीम में सीएम फ्लाइंग के एसआई लोकपाल, एसआई सतबीर, एचसी अजय कुमार, सुुनील कुमार के अलावा सीआईडी से विश्वजीत और कृषि विभाग के अधिकारी साथ थे। जांच में पाया गया कि तीनों दुकानदार बिना लाइसेंस के यूरिया और डीएपी बेच रहे थे। इस पर कृषि विभाग की टीम पूरे मामले की जानकारी ली। इनके पास से करीब 250 बोरी खाद मिली है। कृषि अधिकारी की शिकायत पर महावीर चौकी पुलिस दुकानदारों पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी। बता दें कि इससे पहले सीएम फ्लाइंग की टीम अटेली एरिया में वीरवार को छापा मारा था। इस दौरान खाद-बीज की दुकान और एक मेडिकल स्टोर संचालक पर कार्रवाई हुई थी। इससे पहले ही दौंगड़ा अहीर में एक दुकानदार को अवैध रूप से खाद और बीज बेचते हुए पकड़ा गया था।