नारनौल। मंडियों में बाजरे की आवक में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। सोमवार को नारनौल में 656, नांगल चौधरी में 26 और अटेली में 809 गेटपास जारी किए गए। नारनौल में 18,889, नांगल चौधरी में 828 और अटेली में 22784 क्विंटल बाजरे की आवक हुई है। बाजरे की सरकारी खरीद अब तक शून्य है और केवल व्यापारियों द्वारा ही बोली लगाकर बाजरे की खरीद की जा रही है। नारनौल में 15571, नांगल चौधरी में 887 और अटेली में 8838 क्विंटल बाजरे की खरीद व्यापारियों ने की है।
व्यापारियों द्वारा बाजरे की खरीद 1850 रुपये से 2 हजार रुपये तक की जा रही है और भावांतर के तहत 575 रुपये किसानों को मिल पा रहे हैं। इस कारण किसान मजबूरन एमएसपी से कम मूल्य पर फसल बेच रहे हैं।
बाजरे के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2775 रुपये निर्धारित किया गया था। किसानों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि सरकार को खरीद मूल्य पर भावांतर देना चाहिए ताकि किसान अपना बाजरा एमएसपी पर बेच सकें।