कुरुक्षेत्र। जिला की अनाज मंडियों में गेहूं की आवक पिछले साल का रिकार्ड तोड़ चुकी है। भले ही पिछले साल के मुकाबले इस बार आवक करीब एक सप्ताह बाद में शुरू हो पाई, लेकिन वीरवार तक तीन लाख क्विंटल गेहूं की अधिक आवक हो चुकी है। पिछले साल 25 अप्रैल तक 47 लाख आठ हजार 480 क्विंटल गेहूं की आवक हुई थी जबकि इस बार 50 लाख 29 हजार 290 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। यही नहीं वीरवार को भी एक लाख 49 हजार 440 क्विंटल गेहूं की आवक हुई। सीजन शुरू होने से लेकर अभी तक दो से तीन बार मौसम करवट बदल चुका है तो बूंदाबांदी भी हो चुकी, इसके बावजूद अनाज मंडियों से गेहूं उठान कार्य रफ्तार नहीं पकड़ सका है। वीरवार तक महज 41 फीसदी 22 लाख 53 हजार 940 क्विंटल गेहूं का ही उठान हो पाया। वीरवार के दिन दो लाख 36 हजार 650 क्विंटल गेहूं का उठान हुआ।
उठान धीमा होने के चलते अभी भी अनाज मंडियां गेहूं से लबालब है। गेहूं लेकर आ रहे किसानों की समस्या भी इसी के चलते कम नहीं हो पाई है। मंडियों में अभी भी गेहूं डालने की जगह नहीं मिल पा रही है। वहीं अधिकारी उठान कार्य तेज करवाए जाने के दावे करते रहे हैं, लेकिन ये दावे हकीकत नहीं बन सके। उधर आढ़तियों की मानें तो उठान की आड़ में पांच से छह रुपये प्रति कट्टा नजराना पहुंच चुका है।