लाडवा। दुकानों में बढ़ रही चोरी की वारदात से दुकानदार दहशत में है। वीरवार-शुक्रवार रात्रि करीब ढाई बजे भी चोरों ने लाडवा- रादौर रोड पर मंडी गेट के सामने एक किराने की दुकान में चोरी का प्रयास किया, लेकिन आवाज सुनकर पड़ोसी दुकानदार की आंख खुल गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में मुकेश कुमार निवासी विकास नगर ने बताया कि उनकी मंडी गेट एक के सामने किराने की दुकान है। रात वह दुकान को अच्छी तरह बंद करके गए थे, लेकिन ढाई बजे उन्हें पड़ोसी दुकानदारों से सूचना मिली कि उनकी दुकान में चोरी हो गई है। एक चोर को मौके पर ही पकड़ लिया गया है, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए है। मौके पर जाकर देखा तो गल्ले में रखी नकदी तथा कुछ सामान गायब था। दुकान में कई जगह पर सामान बिखरा हुआ पड़ा था। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें मंडी गेट पर चोरी की सूचना मिली थी। उन्होंने दुकान पर पहुंचकर मौके का मुआयना किया। चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।