कुरुक्षेत्र। हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन धर्मवीर सिंह मिर्जापुर ने कहा कि प्रदेश में पशुधन को मुंह खुर एवं गलघोंटू बीमारी की रोकथाम के लिए एक करोड़ 10 लाख टीके खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर देर सायं सर्किट हाउस में पशुपालन विभाग के अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि पशु पालकों के हित में कर्तव्य निष्ठा व ईमानदारी से कार्य करने की जरूरत है। इस मामले में जरा सी भी लापरवाही सहन नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पशुधन मुंह खुर एवं गलघोंटू रोग की रोकथाम के लिए एक करोड़ 10 लाख टीके खरीदने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। यह कार्य पूरा होने के उपरांत शीघ्र ही पशुपालकों के घर द्वार पर जाकर टीके मुफ्त लगाएं जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि पशु पालकों को बोर्ड की तरफ से कोई विभागीय मदद की कमी नहीं आने दी जाएगी। इसके साथ ही ज्यादा से ज्यादा पशु स्वास्थ्य शिविर लगाकर मौके पर ही पशुओं का उपचार किया जाएगा। इस मौके पर पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. धर्मेंद्र कुमार, उपमंडल अधिकारी डॉ. जसवीर सिंह, डॉ. नरेन्द्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। संवाद