कुरुक्षेत्र। जय मां दुर्गा-जय श्री महाकाल ट्रस्ट की ओर से श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन 17 से किया जाएगा। कथा 23 मई तक वार्ड-20 के सेवन-बी गुरुदेव नगर में 100 फुटा रोड के निकट चलेगी। भगवान विष्णु के प्रिय पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा रविवार से शुरू होगी। ये जानकारी ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित राजेश मौद्गिल ने दी। उन्होंने बताया कि धर्म संघ दिल्ली के कथाव्यास पंडित विकास कौशिक भागवत प्रतिदिन सायं चार से सात बजे तक भागवत प्रवचन करेंगे। कथा से पूर्व प्रतिदिन सुबह आठ से नौ बजे देव पूजन, दोपहर तीन से सायं चार बजे संतों द्वारा पुरुषोत्तम मास महिमा और भजन कीर्तन होगा। आरती के बाद सायं 7:30 बजे भंडारा होगा। कथा के शुभारंभ पर रविवार 17 मई को सुबह नौ बजे खेड़ा मंदिर से कथा स्थल तक कलश यात्रा निकाली जाएगी। शनिवार 23 मई को सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक भागवत कथा, हवन एवं भंडारा होगा। इसी दिन सायं पांच से रात्रि नौ बजे तक भव्य खाटू श्याम संकीर्तन और विशाल भंडारा होगा। कार्यक्रम में अंबाला से साध्वी कौशिकी, दत्तात्रेय आश्रम, कुरुक्षेत्र से साध्वी मोक्षिता, पिहोवा से आचार्य अभिषेक कुश और गुरुचरण दास पुरुषोत्तम मास महिमा पर प्रवचन देंगे। संत सम्मेलन में महंत बंसीपुरी, स्वामी ज्ञानानंद, जयराम विद्यापीठ से ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, महंत लक्ष्मी नारायण पुरी, महंत राजेंद्र पुरी, महंत जगन्नाथ पुरी और महंत भीमपुरी आदि संत आशीर्वचन देंगे। कार्यक्रम को लेकर गोपाल शर्मा, अंकुश गुप्ता, सदानंद शर्मा, गुरमुख सिंह, सन्नी राणा, संजीव, प्रदीप, मोहित शर्मा, हर्षित और रक्षित सहित अन्य सेवक व्यवस्था बनाने में लगे हैं। संवाद