कुरुक्षेत्र। जिला बैडमिंटन संघ की ओर से जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता-2025 का आयोजन वायरविंग्स अकादमी के बैडमिंटन हॉल में किया गया। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया और शानदार खेल प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के साथ अभिभावकों और दर्शकों की उपस्थिति ने मैच को और भी रोमांचक बना दिया।
संघ के महासचिव प्रो. पीसी तिवारी ने बताया कि सब-जूनियर अंडर-13 बालक वर्ग के मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। इस वर्ग में परमर्धन ने हेमन को कड़े संघर्ष के बाद (15-12, 15-13, 15-6) से हराया। वहीं जीवांश ने ईशांत को (15-14, 15-11) से हराकर जीत दर्ज की। अंडर-15 बालक वर्ग में भी मुकाबले काफी संघर्षपूर्ण रहे। युग ने ओजस को (15-11, 15-12) से हराया जबकि शेरी ने निशांत को (15-13, 15-8) से मात दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य उभरते खिलाड़ियों को मंच देना है। इस मौके पर संघ के कार्यकारिणी सदस्य, तकनीकी सलाहकार विवेक शर्मा, कोच रोहित, बलजीत (शाहबाद), बलजीत सांगवान (इस्माइलाबाद), बलबीर कौशिक, अंकित गोयल, तरुण शर्मा और अन्य सदस्य एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।