ईसी में 363 करोड़ का बजट पास, पर इतिहास बनाया फोटो ने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केयू ईसी की 238 वीं बैठक में नए वित्त वर्ष के लिए 363 करोड़ रुपये का बजट पारित हुआ, मगर इस बैठक में एक कैमरे का क्लिक केयू के इतिहास में दर्ज हो गया। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के इतिहास के पन्नों में 31 मार्च 2017 को खींचा गया एक आम फोटो खास हो चुका है। वह इसलिए, क्योंकि इससे पहले कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कार्यकारिणी परिषद की बैठक का अब तक कोई फोटो नहीं है। हालांकि देश के प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद द्वारा 11 जनवरी 1957 में केयू की स्थापना से लेकर अब तक कई यादगार फोटो यूनिवर्सिटी धरोहर संग्रहालय की गैलरी में देखे जा सकते हैं, लेकिन पहली ईसी की बैठक के बाद पहला फोटो 60 साल बाद 238 वीं ईसी की बैठक में खींचा गया।
बता दें कि कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के 60 साल के इतिहास में कार्यकारिणी परिषद की बैठक के दौरान कभी फोटोग्राफी नहीं हुई, जबकि अब तक केयू के इन 60 वर्षों में कार्यकारिणी परिषद की 238 बैठकें हो चुकी हैं। बहरहाल कार्यकारिणी परिषद की शुक्रवार को हुई इस बैठक के दौरान फोटो कैमरे का एक क्लिक कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की यादों में जगह बना चुका है। संभवत: कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने विजुअल मीडिया के दौर को समझते हुए इस बैठक के दौरान फोटोग्राफी करने की सहमति प्रदान की हो।
287 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान
केयू की कार्यकारिणी परिषद व कोर्ट की बैठक में वित्त वर्ष 2017-18 के लिए 363 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया है। बैठक की अध्यक्षता केयू के कुलपति डा. कैलाश चंद्र शर्मा ने की। बैठक के दौरान केयू को विभिन्न स्रोतों से वित्त वर्ष में करीब 287 करोड़ रूपये की आय होने का अनुमान है। राज्य सरकार की वित्त कमेटी व 2015-16 की वार्षिक आडिट रिपोर्ट को भी कार्यकारिणी परिषद में रखा गया, जिस पर कार्यकारिणी के सदस्यों ने चर्चा कर अनुमति प्रदान की। बैठक में केयू की जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार की गई वार्षिक रिपोर्ट 2016 को भी पारित किया है।
चयन समितियों के लिए विशेषज्ञों के नामों पर मुहर
कार्यकारिणी परिषद की बैठक में कामर्स, शारीरिक शिक्षा, गणित विभाग में चयन समितियों के लिए विशेषज्ञों के नाम पर ईसी में मोहर लगी। कार्यकारिणी परिषद में विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक अफेयर प्रो. अनिल वोहरा केे कार्यकाल को एक वर्ष के लिए बढ़ाने के प्रस्ताव को भी परिषद ने मंजूरी प्रदान की। इसके अतिरिक्त बैठक में विश्वविद्यालय सांस्कृतिक परिषद के वार्षिक बजट के साथ-साथ स्थापना कमेटी की प्रमोशन व एडजस्टमेंट को लेकर सिफारिशों पर भी कार्यकारिणी ने अपनी मुहर लगाई। विश्वविद्यालय कुलपति कार्यालय के प्रशासनिक ब्लॉक के कमेटी रूम में आयोजित बैठक में विश्वविद्यालय से संबंधित कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर विधायक सुभाष सुधा भी मौजूद रहे।
यह चुने गए सदस्य
सायंकाल में सीनेट हाल में हुई कोर्ट की बैठक में खालसा कालेज यमुनानगर के शिक्षक डॉ. पीआर त्यागी को सर्वसम्मति से कार्र्यकारिणी परिषद का सदस्य व डीएन कालेज हिसार के शिक्षक डॉ. पीके शर्मा, सीआएम जाट कालेज हिसार के अतर सिंह व गवर्नमेंट कालेज मटक माजरी के कृष्ण कुमार को शैक्षणिक परिषद का सदस्य चुना गया है।