थियेटर में कैथल की रही धूम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रहे तीन दिवसीय हरियाणा कला उत्सव के अंतिम दिन कलाकार छात्र-छात्राओं ने जमकर धमाल मचाया। उत्सव में अनेकों विधाओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के 21 जिलों के 740 कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। समारोह के रविवार को समापन पर मुख्यातिथि के रुप में पहुंचे विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को बचा कर रखने में कला उत्सव जैसे कार्यक्रम अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस प्रकार के कार्यक्रमों से कलाकारों को मंच मिलता है जिस पर कलाकार अपनी प्रतिभा दिखा सकते है।
शिक्षा विभाग व सर्व शिक्षा अभियान हरियाणा की तरफ से आयोजित इस उत्सव का पहले विधायक सुभाष सुधा, शिक्षा विभाग के निदेशक सीजी रजिनिकांतन, एडीसी धर्मवीर सिंह, एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी सुमन आर्य, डिप्टी डीईओ नमिता कौशिक, डीपीसी अरुण आश्री ने दीप शिखा प्रज्ज्लवित कर शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक व निदेशक ने 14 से 16 अक्तूबर तक कला उत्सव की थियेटर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर आने वाली कैथल की टीम को ट्राफी व इनाम देकर सम्मानित किया। इसके अलावा इसी प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर हिसार, गुरुग्राम तीसरे स्थान पर रहा।
डांस प्रतियोगिता में फतेहाबाद प्रथम
डांस प्रतियोगिता में फतेहाबाद प्रथम, फरीदाबाद दूसरे, कैथल तीसरे, संगीत वोकल में रोहतक प्रथम, हिसार दूसरे, यमुनानगर तीसरे स्थान पर रहा। विधायक ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर एक से 11 दिसंबर तक अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसलिए इस उत्सव में पहुंच कर समारोह की रौनक बढ़ाएं। इस कला उत्सव में 740 कलाकारों में 517 छात्राओं ने भाग लेकर साबित कर दिया है कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं है। निदेशक सीजी रजिनिकांतन ने कहा कि सभी के सांझे प्रयासों से कला उत्सव का सफल आयोजन हो पाया है।
जिला शिक्षा अधिकारी सुमन आर्य ने कहा कि इस उत्सव में 740 कलाकारों ने भाग लेकर साबित कर दिया है कि कला उत्सव आने वाले समय में एक बेहतरीन मंच बन कर सामने आएगा। मंच का संचालन नीरज शर्मा, सतपाल सिंह ने किया। मौके पर विनोद कौशिक, बलवंत वत्स, रीटा बठला, लक्ष्मीकांत शर्मा आदि मौजूद थे।